शहर लुटेरों की गिरफ्त में है। रोजाना लूटपाट की घटनाओं को बदमाश अंजाम दे रहे हैं और पुलिस उन पर काबू पाने में पूरी तरह विफल है। बुधवार रात फेस-3 इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने पुलिस की वर्दी में एक व्यक्ति से क्रेटा कार लूट ली।
वहीं बृहस्पतिवार सुबह गोल्फ कोर्स के पास से ठेकेदार से ढाई लाख रुपये लूट लिए गए। दूसरी ओर दिनदहाड़े असिस्टेंट इंजीनियर से ढाई हजार रुपये, मोबाइल आदि लूट कर बदमाश फरार हो गए। पुलिस सभी मामलों में मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-56 निवासी गुलकेश कुमार परिवार के साथ रहते हैं। वे सेक्टर-12 में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। बुधवार रात अपनी क्रेटा कार से परिवार के साथ मामूरा आए थे।
यहां उनके भाई के बेटी की सगाई थी। गुलकेश ने बताया कि परिवार को घर ले जाने के लिए कार्यक्रम स्थल से थोड़ी दूर पर खड़ी कार को लेने गया था। रात करीब साढ़े 11 बजे जैसे ही अपनी कार में बैठा, तभी वहां तीन लोग आ गए।
उनमें से दो लोग पुलिस की वर्दी में थे। सभी के पास हथियार थे। तीनों ने कार का दरवाजा खोला और कनपटी पर पिस्टल सटा दी। फिर बदमाशों ने मारपीट की और कार से बाहर फेंककर कार लूट कर फरार हो गए। इस मामले की शिकायत फौरन पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जहां मौके पर पुलिस पहुंची और मामला दर्ज किया।