शहर के सेक्टर-33 की ग्रीन बेल्ट में बुधवार दिन में केबल चोरी का प्रयास असफल होने के बाद भी चोर नहीं माने। चोरों ने रात में ही सेक्टर-63 पुलिस चौकी के पास ट्रांसफार्मर से तेल चोरी कर ले गए।
पुलिस चौकी से मात्र 20 मीटर की दूरी पर चोर वारदात को अंजाम दे गए। इसके बाद लोड पड़ने से ट्रांसफार्मर जल गया और सेक्टर-61 की आपूर्ति ठप हो गई। वहीं अधिकारियों को शक है कि विभाग के ही कर्मचारी कहीं न कहीं भेद बता रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात को सेक्टर-63 पुलिस चौकी के 20 मीटर की दूरी पर लगे 400 केवीए के ट्रंासफार्मर से चोरों ने करीब 350 लीटर ऑयल चोरी कर लिया।
इसकी जानकारी रात करीब डेढ़ बजे उस समय लगी, जब ट्रांसफार्मर जल गया। विभाग को जानकारी मिली तो अफसर और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो देखा कि ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी किया जा चुका था।
इसके बाद रात करीब डेढ़ बजे से दिन में डेढ़ बजे जाकर दूसरा ट्रांसफार्मर बदला गया और आपूर्ति चालू हो सकी। इससे करीब 12 घंटे बिजली आपूर्ति न होने से लोग बेहाल रहे।
दो और ट्रांसफार्मर फुंक गए
सेक्टर-62 नवादा का 400 केवीए का ट्रांसफार्मर बृहस्पतिवार को लोड अधिक होने के कारण गर्म हो गया और फुंक गया। गांव में करीब आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।