निवाड़ी रोड स्थित डीजे कॉलेज में कश्मीरी छात्रों से मारपीट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि तीन साल से फीस नहीं देने पर मैनेजमेंट ने 17 कश्मीरी स्टूडेंट्स को हॉस्टल खाली करने के निर्देश दिए हैं। मारपीट की सूचना महज अफवाह थी।
एसएचओ डालचंद ने बताया कि बुधवार शाम डीजे कॉलेज में कश्मीरी छात्रों से मारपीट की सूचना मिली थी। जांच में मामला फर्जी निकला।
कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि कॉलेज में बीटेक तृतीय वर्ष के 17 कश्मीरी छात्रों ने तीन साल से कॉलेज और हॉस्टल फीस नहीं दी है। मैनेजमेंट ने उन स्टूडेंट्स को नोटिस दिए थे।
कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी डीडी कौशिक ने बताया कि कश्मीरी छात्रों को जम्मू कश्मीर सरकार से फीस के रूप में स्कालरशिप मिलती है, इस वजह से पिछले तीन साल से कॉलेज फीस का इंतजार कर रहा था। मगर पिछले दिनों जम्मू कश्मीर सरकार ने कॉलेज के 17 छात्रों की फीस देने से इनकार कर दिया है।
स्टूडेंट्स के अभिभावकों को सूचित किया जा चुका है, मगर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर 17 स्टूडेंट्स को हॉस्टल खाली करने के लिए नोटिस दिया गया था। इस संबंध में बृहस्पतिवार को कॉलेज के चेयरमैन और छात्रों के बीच बातचीत होगी।