न्यू अशोक नगर इलाके में 15 दिसंबर की रात को गैंगरेप का शिकार हुई 16 वर्षीय किशोरी अभी सदमे से उभरी भी नहीं थी कि रविवार रात को आरोपियों पक्ष के परिजनों ने उसके पूरे परिवार को धमकाया।
शराब के नशे में धुत सात-आठ लोगों ने पूरे परिवार के साथ बदसलूकी करते हुए किशोरी से बात कराने के लिए कहा। उनका कहना था कि वह थाने से आए हैं। काफी देर शोर-शराबा करने के बाद आरोपी वहां से चले गए।
मामले की सूचना पुलिस को दी। परिवार ने पुलिस पर लापरवाही और मिलीभगत का आरोप लगाया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार और किशोरी बुरी तरह डरा हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने परिवार को सुरक्षा आश्वासन दिया है।
किशोरी के परिजनों ने बताया कि घटना के बाद ही उन्होंने आरोपी मकान मालिक का घर खाली कर दूसरी जगह शिफ्ट कर लिया था। इसकी जानकारी बस मामले की जांच कर रहे आईओ को ही थी। रविवार देर रात को शराब के नशे में लोगों ने घर पहुंचकर खूब हंगामा किया।
उनका कहना था कि हमे आईओ ने भेजा है। किशोरी से बात करनी है। हंगामा करने के बाद आरोपी वहां से चले गए। इधर घटना वारदात के बाद से किशोरी बुरी तरह डरी हुई है। रविवार की घटना ने उसे और गहरा सदमा दिया। परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
वहीं पूर्वी जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने परिवार के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि जांच अधिकारी ने आरोपियों की किसी तरह की कोई मदद नहीं की है। सोमवार को किशोरी की एक एनजीओ से काउंसलिंग कराई गई है। जहां तक आरोपियों के धमकाने का मामला है, उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को एसीपी और एसएचओ का नंबर दे दिया है। किसी भी इमरजेंसी के समय वह दोनों से तुरंत मदद मांग सकते हैं। बता दें कि बृहस्पतिवार रात को मकान मालिक व दो किरायेदार युवकों ने किशोरी को अगवा कर उसके साथ गैंगरेप किया था।
बाद में वह किशोरी को उसके कमरे के बाहर फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया था।