सेक्टर-62 स्थित डीएलएफ बिल्डिंग के पास सॉफ्टवेयर इंजीनियर विशाल कौशिक से गन प्वाइंट पर ऑडी लूटने में विफल बदमाशों का पीसीआर पुलिस ने पीछा किया था। बावजूद इसके पुलिस बदमाशों को नहीं पकड़ पाई। पुलिस ने सुनसान रास्ता होने के बाद भी बदमाशों पर फायरिंग भी नहीं की।
इस मामले में विशाल कौशिक का कहना है कि घटना से वह काफी डरे हुए हैं। बदमाश पिस्टल कभी उनकी कनपटी तो कभी सीने पर सटा रहे थे। उनका और उनके साथ मौजूद आईटी कंपनी के बिजनेस हेड का कहना है कि वह अपने साथ सुरक्षा कर्मी रखने पर विचार कर रहे हैं।
बता दें कि बृहस्पतिवार रात को स्विफ्ट कार सवार बदमाशों ने सेक्टर-62 में ऑडी कार को ओवटेक कर रोक लिया था। ऑडी में सवार सॉफ्टवेयर इंजीनियर विशाल कौशिक से गन प्वाइंट पर ऑडी लूटने में विफल बदमाशों ने उनका मोबाइल लूट लिया था।
उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया था। बदमाश पकड़े जाने के डर से भाग गए थे। वहीं पीसीआर पुलिस गश्त कर रही थी। पुलिस का कहना है कि मुखबिर और सर्विलांस की मदद से बदमाशों की तलाश की जा रही है।