दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने हाईवे पर लूटपाट करने वाले पांच बदमाशों को दबोचा है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान रावली रोड, गांव मुरादनगर निवासी मेहराजुद्दीन (35) व वसीम (25), गढ़ गेट पुलिस चौकी हापुड़ निवासी जरीफ कुरैशी (31), नंद ग्राम गाजियाबाद निवासी अजित कुमार (24) और गांव बसौद, बागपत निवासी प्यारे मोहम्मद (29) के रूप में हुई है।
गिरोह के सदस्य दिल्ली और उत्तर प्रदेश में ट्रक चालकों को बंधक बनाकर लूट करते थे। पुलिस ने बदमाशों के पास से 18 लाख कीमत का जिंक, 250 कार्टून शराब और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली कार बरामद की है।
संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि पुलिस टीम को बृहस्पतिवार सूचना मिली थी कि जसोला गांव के पास स्विफ्ट कार में कुछ बदमाश लूट का माल बेचने आने वाले हैं। पुलिस ने मौके से आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि 10 से 12 सदस्यों वाला उनका गैंग में अलग-अलग कारों से चलते हैं।
हाईवे पर जा रहे ट्रक उनके निशाने पर होते थे। 22 जून की रात को बदमाशों ने खुर्जा के पास दवाओं से भरा ट्रक लूट लिया था। वहीं 30 जून की रात को उन्होंने खरखौदा, यूपी से शराब से भरा ट्रक लूटा था।
जबकि 3 जुलाई की रात को मुरादाबाद हाईवे पर जिंक से भरा ट्रक लूट लिया था। बदमाशों ने खुलासा किया है कि मई में उन्होंने दिल्ली-करनाल रोड पर एक और ट्रक लूटा था। पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।