कोरोना संक्रमित एक यात्री इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (आईजीआई) से लापता हो गया है। विदेश से आने के बाद यात्री का हवाई अड्डे पर आरटीपीसीआर जांच की गई थी और उसे रिपोर्ट आने तक हवाई अड्डा पर रूकने का निर्देश दिया गया था। रिपोर्ट आने पर यात्री कोरोना संक्रमित पाया गया। लेकिन तलाश करने पर वह गायब मिला। पुलिस ने एसडीएम की शिकायत पर मामला दर्ज कर यात्री की तलाश शुरू कर दी है।
हवाई अड्डे पर तैनात प्रीत विहार के एसडीएम राजेंद्र कुमार की ओर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में कहा गया है कि 6 जनवरी की सुबह यूके से एक यात्री दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरा। विदेश से आने वाले यात्रियों की हवाई अड्डे पर कोरोना जांच की गई। लैब की ओर से आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट में आरोपी यात्री के संक्रमित होने की बात सामने आई। इसके बाद जब यात्री को ढूंढा गया तो वह वहां से गायब मिला।
जोखिम श्रेणी में शामिल देशों से आने वाले यात्रियों को तब तक एयरपोर्ट से बाहर नहीं निकलने दिया जाता, जब तक कि यात्री की कोरोना जांच रिपोर्ट नहीं आ जाए। जिन यात्रियों की रिपोर्ट पाजिटिव आती है, उन्हें उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल भर्ती करवाया जाता है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी यात्री से जब जांच की गई थी, तभी उसे यह कहा गया था कि वह एयरपोर्ट से जांच के नतीजे आने तक नहीं जाएगा। पुलिस आरोपी यात्री का पता करने में जुटी है।