लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें अरबाज के सिर पर ईंट गिरते हुए दिख रही है। पुलिस ने वीडियो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। लोगों का आरोप है कि इमारत का निर्माण अवैध रूप से किया जा रहा है।
मूलरूप से बेहटा-हाजीपुर, लोनी-गाजियाबाद का रहने वाला अरबाज लक्ष्मी नगर केजे एक्सटेंशन, मूर्ति वाली गली में एक अरबी मदरसे में पिछले 12 साल से पढ़ता था। यह बाकी बच्चों के साथ मदरसे में ही रहता था। इसके परिवार में तीन भाई व तीन बहनें हैं, जो गांव में रहते हैं। अरबाज के पिता कासगंज के किसी गांव में रहकर खेती करते हैं।
शनिवार शाम के समय वह अपने इमाम के साथ नमाज पढ़ने पास की मस्जिद गया था। वहां से वह इमाम कुछ सामान लेने निकला था। इमाम आगे चल रहे थे। इस बीच रमेश पार्क गली नंबर-10 से गुजरते हुए अचानक निर्माणाधीन इमारत से 10-12 ईंटे नीचे गिर गईं। एक ईंट अरबाज के सिर में लगी और उसके सिर से खून बहने लगा। वह अचेत हो गया। फौरन उसे निजी वाहन से एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अरबाज का शव कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरु कर दी है।