पुलिस के अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि घटना रविवार देर रात की है। रात करीब ढाई बजे रात दिल्ली एयपोर्ट के एयर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान को उड़ाने की धमकी दी गई है। विमान के कैप्टन ने बताया कि विमान के क्रू मेंबर को गैलरी एरिया में एक टिश्यू पेपर मिला। जिस पर विमान के दिल्ली पहुंचने पर उसे बम से उड़ा देने की धमकी दी गई है। सूचना मिलते ही एयर इंडिया की सुरक्षा टीम ने टर्मिनल तीन पर आपात बैठक की और धमकी को गंभीरता से लेने का फैसला किया गया।
विमान और यात्रियों की हुई गहन जांच
उसके बाद सभी सुरक्षा एजेंसियों को इस धमकी के बारे में सूचित किया गया। सुबह करीब सात बजे विमान दिल्ली हवाई अड्डा पर उतरा। सुरक्षा कर्मियों ने विमान को अपने घेरे में ले लिया। विमान को सुरक्षित जगह पर ले जाकर सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विमान की अच्छी तरह से जांच की। सभी यात्रियों की तलाशी ली गई, लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला। उसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली। आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।