सेक्टर-56 थाना क्षेत्र में करंट लगने से झुलसे 6 बच्चों में से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। इसमें से एक बच्ची को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किया गया है जबकि दो बच्चे सिविल लाइन के नागरिक अस्पताल में भर्ती हैं। झुलसे हुए सभी बच्चे एक ही परिवार से हैं। पुलिस को इस बाबत शिकायत न मिलने के चलते मामला दर्ज नहीं हो सका है।
सेक्टर-56 केंद्रीय विहार के पास झुग्गी बनाकर कुछ लोग रह रहे हैं। इन झुग्गी में रहने वाले एक ही परिवार के 6 बच्चों सहित 2 अन्य बच्चे मंगलवार को दोपहर के वक्त खेल रहे थे। इस दौरान यहां एक जोरदार धमाका हुआ जिसमें पांच बच्चे को एक साथ थोड़ी दूरी पर जा गिरे जबकि एक बच्चा करीब 8 फुट की दूरी पर जा गिरा।
इस घटना में 5 बच्चे बुरी तरह से झुलस गए। इस बारे में जब पुलिस व दमकल विभाग को सूचना मिली तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। साथ ही साथ बच्चों को भी अस्पताल पहुंचाया। 15 वर्षीय घायल लव ने बताया कि जहां पर धमाका हुआ वहां कुछ ही दूरी पर स्ट्रीट लाइट थी। जिसमें से कुछ तारें बाहर निकली हुई थी।
धमाके की चपेत में आए सभी बच्चे
प्रतीकात्मक तस्वीर
उपर से हाईटेंशन तार निकल रहे थे। एक जोरदार बिजली की चिंगारी के साथ धमाका हुआ और वे सभी इसकी चपेट में आ गए। इस दौरान स्ट्रीट लाइट टूटकर नीचे गिर गई और यहां स्ट्रीट लाइट का बना लोहे का बॉक्स पूरी तरह से फट गया। इस घटना में लव के अलावा उसकी भतीजी 9 वर्षीय मंजू, भाई 13 वर्षीय अजय, 7 वर्षीय राहुल, दोस्त 7 वर्षीय ईश्वर बुरी तरह से घायल हो गए।
इसमें मंजू को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि अन्य का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। इसमें लव की हालत में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि अजय व राहुल को अभी भी भर्ती किया गया है। घटना में उसका भतीजा 5 वर्षीय पालम, भाई 7 वर्षीय बन्नू सहित एक 8 वर्षीय दोस्त को मामूली चोटे आई हैं।
सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरविंद दहिया ने बताया कि इस मामले में किसी भी व्यक्ति द्वारा कोई शिकायत नहीं दी गई है जिसके चलते मामला दर्ज नहीं हो पाया है।