चुनाव आयोग ने रविवार को लोकसभा चुनाव की अधिसूचना लागू कर दी। 11 अप्रैल को गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट के लिए 22.41 लाख लोग मतदान करके सांसद चुनेंगे।
जिला प्रशासन ने भी चुनाव की तैयारी तेज कर दी हैं। मतदाताओं की सूची पहले ही फाइनल हो चुकी है, जिसके अनुसार गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली पांचों विधानसभाओं (नोएडा, दादरी, जेवर, खुर्जा व सिकंद्राबाद) में कुल मतदाताओं की संख्या 22.41 लाख है, जिसमें से पुरुष मतदाताओं की संख्या 1232531 और महिलाओं की संख्या 1008475 है। वहीं, अन्य की संख्या 228 है।
प्रशासनिक रूप से खुर्जा व सिकंद्राबाद बुलंदशहर जिले के हिस्सा हैं। ऐसे में अगर सिर्फ गौतमबुद्ध नगर जिले के तीनों विधानसभाओं की बात करें तो जिले में कुल 14,88,926 मतदाता हैं। इनमें 44.08 प्रतिशत महिला और 55.90 प्रतिशत पुरुष मतदाता हैं, जबकि अन्य मतदाताओं की संख्या 135 हैं। सबसे अधिक मतदाता नोएडा विधानसभा में है। दूसरे नंबर पर दादरी और तीसरे पर जेवर विधानसभा हैं। इन तीनों विधानसभाओं के अंतर्गत कुल आबादी 2301282 है।
----------------
इस बार 2.35 लाख मतदाता बढ़े
पिछले लोकसभा चुनाव में जिले के मतदाताओं की संख्या 12,53,574 थी, जिसमें से 7,15,111 पुरुष, 5,38,413 महिलाएं और 50 अन्य मतदाता शामिल थे। 2019 में यह संख्या 14,88,926 पर पहुंच गई है। इस लिहाज, से इस बार मतदाताओं की संख्या 2,35,352 अधिक हो गई है।
-------------
18-19 साल के 84,916 मतदाता
इस विधानसभा चुनाव में 84916 मतदाता पहली बार अपने मत का प्रयोग करेंगे। इन सभी की उम्र 18 से 19 साल की है। वहीं सबसे उम्रदराज मतदाताओं की संख्या 12767 है। इन सभी की उम्र 80 साल से अधिक की है।
--------------
घटा है ईपी रेश्यो
इस बार जिले में इलेक्टर पॉपुलेशन रेश्यो (ईपी रेश्यो) घट गया है। जिला निर्वाचन विभाग के अनुसार, इस समय जिले की अनुमानित जनसंख्या 23,01,282 हैं। इसमें से 64.69 प्रतिशत लोग लोकसभा के मतदाता हैं। जबकि वर्ष 2014 में ईपी रेश्यो 66.54 प्रतिशत था। ईपी रेश्यो के मामले में नोएडा विधानसभा पहले और जेवर विधानसभा तीसरे नंबर पर है।
-------------