पर्यटन विभाग की ओर से तीर्थाटन के साथ ही उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन का हब बनाने पर फोकस है। इसके लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम और कुमाऊं मंडल विकास निगम के माध्यम से नए पर्यटक स्थलों को विकसित करने की डीपीआर बनाई जा रही है। जहां पर एंगलिंग, पैराग्लाइडिंग, ट्रेल रन, माउंटेन बाइकिंग, रिवर, क्रॉसिंग, वॉटर रोलिंग, ऑफ-रोडिंग, हाइकिंग, सफारी समेत अन्य गतिविधियों के लिए देश दुनिया के पर्यटन उत्तराखंड आए।
महाभारत व रामायण सर्किट को केंद्र की मंजूरी का इंतजार
सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महाभारत और रामायण सर्किट की योजना बनाई है। इसका प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है। केंद्र से दोनों सर्किट को मंजूरी मिलने का इंतजार है। महाभारत सर्किट के तहत द्रोणनगरी देहरादून, लाक्ष्यगृह लाखा मंडल, स्वर्गारोहणी, बदरीनाथ सतोपंथ आदि स्थानों को शामिल कर निर्माण किया जाएगा। जबकि रामायण सर्किट में पौड़ी जिले के सीता माता मंदिर, जटायु मंदिर, भरत मंदिर को जोड़ा जाएगा। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज कई बार केंद्र सरकार के समक्ष दोनों सर्किट को विकसित करने का मुद्दा उठा चुके हैं।
ट्रैकिंग रूटों पर मिलेगी सुविधाएं
प्रदेश के ट्रैकिंग रूटों पर साहसिक पर्यटकों को सुविधाएं देने के लिए सरकार ने ट्रैकिंग ट्रक्शन सेंटर होम स्टे योजना शुरू की है। इस योजना से छह जिलों में 13 ट्रैकिंग सेंटर से 73 गांव अधिसूचित किए गए हैं। इन गांवों के युवाओं को ट्रैकिंग का प्रशिक्षण के साथ ही होम स्टे के लिए सरकार की ओर से एक कक्ष के निर्माण के लिए 60 हजार रुपए का अनुदान दिया जा रहा है।
पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रदेश में सात पर्यटक स्थलों को रोपवे से जोड़ा जाएगा। जिसमें केदारनाथ, नैनीताल, हेमकुंड साहिब, पंचकोटी से नई टिहरी, औली से गौरसू, मुनस्यारी से खलिया टॉप, ऋषिकेश से नीलकंठ महादेव का निर्माण किया जाएगा।
इसके लिए सरकार ने सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के साथ एमओयू किया है। इसी साल कद्दूखाल से सुरकंडा और ठुलीगाड़ से पूर्णागिरी देवी मंदिर के रोपवे की सुविधा शुरू हो सकती है।
पर्यटन विकास के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक से स्वीकृत वित्तीय राशि
वर्ष - धनराशि - व्यय राशि करोड़ में
2016-17 - 100 - 77.02
2017-18 - 50 - 54.82
2018-19 - 30 - 54.79
2019-20 - 70 - 70
2020-21 - 67.63 - 67.63