देहरादून। उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक समन्वय समिति की ओर से मंगलवार को आयोजित प्रदेशव्यापी आंदोलन में आरटीओ के कर्मचारी भी शामिल होंगे। इससे कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, टैक्स जमा कराने, परमिट बनवाने समेत तमाम कामकाज ठप रहेंगे।
उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति की ओर से पदोन्नति और एसीपी समेत कई मांगों को लेकर मंगलवार को प्रदेशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया गया है। इसमें सरकार से जुड़े तमाम विभागों के कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं। आंदोलन में परिवहन विभाग के तमाम कर्मचारी शामिल हो रहे हैं। ऐसे में उत्तराखंड परिवहन मिनिस्टीरियल कर्मचारी एसोसिएशन से जुड़े तमाम कर्मचारी भी आंदोलन में शिरकत कर रहे हैं। एसोसिएशन ने कामकाज ठप रखने की सूचना आरटीओ डीसी पठोई और परिवहन आयुक्त को दे दी है। उत्तराखंड परिवहन मिनिस्टीरयिल कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महामंत्री संदीप मिश्रा का कहना है कि उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति की ओर से आयोजित प्रदेशव्यापी आंदोलन में मिनिस्टीरियल संवर्ग के तमाम कर्मचारी शामिल होंगे। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।