देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान अधिक से अधिक मतदान हो सके, इसके लिए राज्य के दौरे पर आए मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा ने मतदाता जागरूकता दिव्यांग रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या और जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार समेत कई अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा भी की।
इतना ही नहीं मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने स्थानीय होटल के प्रागंण में राज्य के समस्त जिलों की ओर से लगाए गए स्टॉल का भी अवलोकन किया। इस दौरान निर्वाचन आयुक्त द्वारा देहरादून की चुनावी पत्रिका ‘भूली’ निर्वाचन गाइड का विमोचन भी किया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से लगाए गए स्टॉल ‘समग्र समावेशी एवं सुरक्षित मतदान’ का भी अवलोकन किया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने जिलाधिकारी /जिला निर्वाचन अधिकारी देहरादून डॉ आर राजेश कुमार द्वारा मतदाताओं से गढ़वाली भाषा में बढ़-चढ़कर मतदान में प्रतिभाग करने के लिए की गई अपील का वीडियो संदेश भी सुना। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से स्टॉल में पहली बार मतदाता बने युवाओं, महिलाओे, बुजुर्गो, किन्नरों, दिव्यांगों समेत वर्गों के मतदाताओं को जागरूक किए जाने को लेकर उठाए गए कदमों की सराहना की।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त की मौजूदगी में नुक्कड़ नाटकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं गुब्बारों के साथ ही जनपदीय संस्कृति, बोली, भाषा, कठपुतली, स्वीप कार्यक्रम के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदान कराए जाने को लेकर जन जागरूकता अभियान का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि जिले के सभी घरों में वोटर गाइड एक पॉकेट बुकलेट वितरित की जा रही है। इसमें वोटर रजिस्ट्रेशन, ईवीएम, वीवीपेट की जानकारी सहित सभी जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा, निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार, अनूप चंद्र पाणंडेय समेत निर्वाचन आयोग के कई वरिष्ठ अधिकारी, के अलावा पुलिस प्रशासन के तमाम अधिकारी उपस्थित थे।