देहरादून। देहरादून में स्मार्ट सिटी और ब्रिडकुल के माध्यम से 22 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। शुक्रवार को निदेशक यातायात मुख्तार मोहसिन ने स्मार्ट सिटी, ब्रिडकुल, पार्किंग के लिए अनुबंधित कंपनी और यातायात पुलिस की बैठक में इन पार्किंग स्थलों को शुरू करने के निर्देश दिए। यातायात निदेशक ने पार्किंग क्षेत्रों से संबंधित चौकी इंचार्ज, व्यापारी, दुकानदारों, होटल व्यवसायियों से वार्ता कर सहयोग की अपील की। उन्होंने पार्किंग स्थलों से अतिक्रमण हटाने, टोइंग मशीन से ड्यूटी प्वाइंट चार्ट बनवाकर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ब्रिडकुल को अनुबंधित कंपनी से सभी पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी लगवाने, पार्किंग में नियुक्त कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी में तैनात करने, उन्हें आई कार्ड देने, यूपीआई से भुगतान की व्यवस्था करने और रैंप बनवाने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी ट्रैफिक अक्षय कोंडे , प्रोजेक्ट मैनेजर ब्रिडकुल संजय कुमार, अभिषेक भारद्वाज और चौकी इंचार्ज मौजूद रहे। मा.सि.रि.