यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी मे रातभर हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं, नदी नाले भी ऊफान पर हैं। मलबा आने से यमुनोत्री हाईवे जगह-जगह बंद हो गया हो गया है। वहीं, गंगोत्री हाईवे भी सुखी टॉप के पास पत्थर व मलबा आने के कारण बंद है। उत्तरकाशी में 11 ग्रामीण संपर्क मोटर मार्ग यातायात के लिए बाधित हैं।
उफान पर आया झर्जरगाड़ नाला
यमुनोत्री हाईवे पर बारिश के बाद झर्जरगाड़ नाला अचानक ऊफान पर आ गया। इस दौरान यमुनोत्री क्षेत्र से इंटर कॉलेज जा रहे स्कूली छात्र-छात्राएं भी रास्ते में ही फंस गए। दोपहर बाद यमुनोत्री हाईवे झर्जरगाड़ के पास खोल दिया गय, लेकिन आवाजाही जोखिम भरी बनी हुई है।
भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में मंगलवार को दिन की शुरूआत बारिश के साथ हुई। राजधानी देहरादून समेत अधिकतर इलाकों में तड़के ही बारिश शुरू हो गई थी जो सुबह थमी। वहीं, देहरादून सहित सभी जिलों में मौसम विभाग ने अगले चार दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
दून, नैनीताल, चंपावत के साथ ही पर्वतीय क्षेेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं गर्जना के साथ बिजली चमकने और बारिश की संभावना है। बारिश का यह सिलसिला आगे चार दिन यानी 17 सितंबर तक जारी रहेगा। मंगलवार को नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर एवं पौड़ी में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है।
देहरादून में आसमान में आंशिक रूप से आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं, सोमवार सुबह दून में बादल छाए रहे। दोपहर और शाम के समय कई क्षेत्रों में तेज बौछारें भी पड़ीं। इससे कई जगहों पर जलभराव भी हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बाइक सवार के ऊपर गिरा पेड़
मोरी जरमोला धार के पास एक बाइक सवार युवक के ऊपर पेड़ गिर गया। इस दौरान युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सीएससी पुरोला में भर्ती कराया गया।
मलबा आने से बदरीनाथ हाईवे पागलनाले में करीब 13 घंटे तक बंद रहा, जिससे हाईवे के दोनों ओर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के वाहनों की कतार लगी रही। यहां पर अभी भी पत्थर और मलबा आने का सिलसिला जारी है।
पागलनाले में आए दिन मलबा आने से हाईवे बंद हो रहा है। सोमवार देर रात 11 बजे भारी बारिश के कारण पागलनाले में भारी मलबा आ गया, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। सुबह पांच बजे से पर्यटक और स्थानीय लोगों के वाहन यहां पर फंसे रहे। एनएच की जेसीबी ने कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे को खोला तो दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी और लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थायी समाधान की जरूरत
जोशीमठ। नंदा देवी टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष चंडी प्रसाद बहुगुणा का कहना है कि पागलनाले में स्थायी समाधान की जरूरत है। मलबा आने पर यहां कई जेसीबी खड़ी रहती हैं, लेकिन काम एक ही करती है। पूछने पर बताया जाता है कि जेसीबी में तेल नहीं है। ऐसे में हाईवे खोलने में समय लग जाता है। वहीं एनएचआईडीसीएल के जीएम संदीप कार्की का कहना है कि जेसीबी लगातार काम करती है। तेल खत्म होने पर मशीन में तेल भरवाने जाना पड़ता है। हम जल्द से जल्द हाईवे खोलने का प्रयास करते हैं।
बोल्डर आने से विद्यालय के दो कमरे ध्वस्त
जोशीमठ। भारी बारिश के कारण बोल्डर आने से आदर्श बाल विद्या मंदिर सलूड डुंग्रा के भवन के दो कमरे ध्वस्त हो गए हैं। स्थानीय निवासी भगत सिंह कुंवर ने बताया कि विद्यालय के ऊपर सड़क कटिंग के दौरान पुश्ता नहीं लगाया गया, जिससे रात को पहाड़ी से भारी बोल्डर आकर विद्यालय की छत पर जा गिरा और दोनों कमरे ध्वस्त हो गए। साथ ही गांव का आम रास्ता भी टूट गया है।
स्कूल की टिन की छत निकालने की शिकायत
राजकीय इंटर कॉलेज बड़ागांव में विद्यालय की टिन की छत को बिना उच्चाधिकारियों की अनुमति के निकालने की शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी से की गई है। कुशल सिंह ने इसकी शिकायत करते हुए कहा है कि बरसात में टिन निकालने से लकड़ी खराब हो रही है। खंड शिक्षा अधिकारी विवेक पंवार ने कहा कि मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद
पिंडर नदी में नहाने गया किशोर बहा
आमसौड़ (नलगांव) में पिंडर नदी में नहाने गया एक किशोर बह गया। मौके पर रेस्क्यू करने पहुंची एसडीआरएफ अंधेरा होने के कारण लौट गई।
आमसौड़ में रह रहे नेपालियों के कुछ बच्चे मंगलवार शाम को पिंडर नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान उनमें से एक किशोर (13) संतोष पुत्र सुरेशनाथ, तल्लीगांव उमखोला, थाना-जुमला पिंडर नदी की तेज धारा में बह गया। सूचना पर पुलिस चौकी नारायणबगड़ प्रभारी एसआई नवीन नेगी मय फोर्स मौके पर पहुंचे। घटनास्थल कर्णप्रयाग थाना क्षेत्र में होने से पुलिस चौकी सिमली से भी फोर्स और एसडीआरएफ के जवान भी मौके पर पहुंच गए। अंधेरा होने से नदी किनारे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो पाया। एसआई नवीन नेगी ने बताया कि बुधवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर किशोर की खोज की जाएगी।