सचिव स्वास्थ्य डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने ओमिक्रॉन के मामले बढ़ने पर सभी सीएमओ को ओमिक्रॉन की रोकथाम और बचाव के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी अस्पतालों में इनफ्लूएंजा व गंभीर सांस ग्रसित मरीजों की सघन निगरानी कर कोविड जांच करने के निर्देश दिए।
सचिव ने निर्देश दिए कि होम आइसोलेशन मरीजों पर कंट्रोल रूम के माध्यम से निगरानी रखी जाए। कोविड संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की संघन ट्रेसिंग की जाए। जिसमें औसतन 20 संपर्क में आए लोगों को आईसीएमआर की गाइड लाइन के अनुसार कोविड जांच की जाए। आरटीपीसीआर जांच में संक्रमित लोगों के सैंपल अनिवार्य रूप से जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए दून मेडिकल कालेज को भेजा जाए। इसके अलावा सीएमओ को अस्पतालों में आइसोलेशन, ऑक्सीजन और आईसीयू बेड, ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट, सिलिंडर और कंसन्ट्रेटर को पूर्ण रूप से संचालन हालत में रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला स्तर पर गठित की जाएगी टीम
संक्रमण से बचाव व रोकथाम के लिए जिला स्तर पर टीम गठित की जाएगी। जिसमें प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। यह टीम होम आइसोलेशन, क्वारंटीन, कंटेनमेंट जोन को प्रभावी तरीके से लागू करेगी।
आज से ही राज्य में रात्रि कर्फ्यू भी लागू
इससे पहले उत्तराखंड सरकार ने आज से ही राज्य में रात्रि कर्फ्यू भी लागू कर दिया है। इसके तहत राज्य में रात 11 बजे से तड़के पांच बजे तक आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर अन्य गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा।