विश्व धरोहर फूलों की घाटी में भी पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। अभी तक 38 पर्यटक घाटी का दीदार कर चुके हैं। फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए एक जुलाई को खोली गई थी। पहले और दूसरे दिन एक भी पर्यटक यहां नहीं पहुंचा था।
फूलों की घाटी के वन क्षेत्राधिकारी बृजमोहन भारती का कहना है कि धीरे-धीरे पर्यटक फूलों की घाटी पहुंच रहे हैं। अभी तक 38 पर्यटक घाटी में पहुंच चुके हैं। इधर, होटल व्यवसायी गिरीश चौहान ने बताया कि पर्यटकों की आवाजाही शुरू होते देख घांघरिया में ग्रामीणों ने होटलों का संचालन शुरू कर दिया है।
पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटक स्थलों के खुलने से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में उत्साह है। वहीं पर्यटक स्थलों में भारी संख्या में सैलानी पहुंचने लगे हैं। पर्यटक व्यवसायी सुरेंद्र राणा ने बताया कि कंपनी गार्डन लंबे समय बाद सैलानियों से गुलजार होने लगा है।
पर्यटक स्थलों के खुलने से लोगों का कामकाज चलना शुरू हो गया है। पर्यटन व्यवसायी सीपी सकलानी ने कहा कि पर्यटक स्थलों के खुलने से लोगों ने राहत की सांस ली है। गार्डन में पहुंची सैलानी खुशबू ने कहा कि कंपनी गार्डन की खूबसूरत फूलों की बगिया, हरियाली देखने लायक है।
हरियाणा के सैलानी तपेंद्र सिंह ने कहा कि मसूरी के पर्यटक स्थल सुकून देने वाले हैं। एसडीएम मनीष कुमार ने कहा कि पर्यटक स्थल पर कोरोना गाइडलाइन का पालन सख्ती से कराया जा रहा है।