केंद्रीय संसदीय कार्य, कोयला एवं खान मंत्री और प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी ने कहा है कि उत्तराखंड में जल्द खेल नीति लाई जाएगी। इसके लिए तैयारियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने डोईवाला के उदीयमान खिलाड़ी विनय उपाध्याय, सतीश कुमार, शहजाद सलमानी, सुखविंदर सिंह, सत्येंद्र चौधरी आदि को सम्मानित किया।
उत्तराखंड प्रवास पर आए जोशी देहरादून स्थित प्रदेश पार्टी कार्यालय में मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे। सलमान खुर्शीद की अयोध्या विवाद पर लिखी किताब में हिंदुत्व की तुलना खुंखार आतंकी संगठनों बोको हराम और इस्लामक स्टेट से करने पर छिड़े विवाद को लेकर पूछे गए प्रश्न पर जोशी ने कहा कि मैं राहुल, प्रियंका, सोनिया से पूछना चाहता हूं। आप मंदिरों में जाकर गौत्र का उच्चारण करके खुद को हिंदू बोलते हैं।
हिंदू आचरण का दिखावा करते हैं। यह उपदेश देने की कोशिश करते हैं कि हम भी हिंदू हैं। क्या सलमान खुर्शीद के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं, जिन्होंने हिंदू भावना और हिंदुत्व का अपमान किया। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व केवल धर्म या जाति नहीं, यह जीवन का तरीका है। महात्मा गांधी से लेकर उनकी पार्टी के बहुत से लोग इसे हिंदुस्तानी बोलते थे। पूछा कि क्या हिंदुस्तान का अपमान करने वाले सलमान पर एक्शन लेने वाले हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस हिंदुओं को खिलाफ है, यह इतिहास में सिद्ध हो चुका है।
ऐतिहासिक जीत के लिए कर रहे प्रयास
जोशी ने दावा किया कि भाजपा विधानसभा चुनाव में फिर से जीत दर्ज करेगी। पार्टी ऐतिहासिक जीत के लिए प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी पूरी तरह से एक्टिव है। उन्होंने कहा कि आने दिनों में पीएम मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा के दौरे होंगे। शाह और पीएम मोदी हाल ही में आ चुके हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा 15 व 16 नवंबर को आ रहे हैं। जोशी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में जबर्दस्त काम हुआ। इन सब के कारण भाजपा फिर से जीतकर आएगी।