भगवानपुर के अलावलपुर गांव में दो लोगों की संदिग्ध बुखार से मौत हो गई। दोनों की मौत एक ही दिन में अलग-अलग अस्पतालों हुई है। वहीं बुधवार को रुड़की में पांच लोगों सहित 22 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। अब जिले में डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या 270 पहुंच गई है।
लंढौरा क्षेत्र के साथ ही अब डेंगू ने भगवानपुर क्षेत्र में फैल गया है। दस दिन में जहां खेड़ी शिखोपुर में ही दो लोगों की मौत संदिग्ध बुखार से हुई है। वहीं अब अलावलपुर गांव में भी संदिग्ध बुखार की चपेट में आने से एक महिला और एक युवक की मौत हो गई है।
गांव में बुखार के केस बढ़ने पर ग्रामीणों ने मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी। टीम ने अलावलपुर के साथ ही धीरमजरा और सिकरोढ़ा में पहुंचकर करीब 150 लोगों के सैंपल लिए हैं। इसके साथ ही 330 लोगों को दवाई भी वितरित की गई। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. गुरनाम सिंह ने बताया कि गांव में दो लोगों की मौत की सूचना मिली थी। गांव में टीम भेजकर लोगों के सैंपल लिए हैं।
उन्होंने बताया कि बुधवार को आई रिपोर्ट में 22 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें पांच रुड़की शहर के लोग भी शामिल है। इसके अलावा अकबरपुर में छह, मुंडलाना में एक, मानक मजरा में एक, सोहलपुर में एक, सैदपुर में एक और गाधारोणा में सात मरीज मिले हैं।