फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: सोमवार से खुले नौंवी से 12 वीं तक के स्कूल, पहले दिन 44 फीसदी बच्चे पहुंचे, कई स्कूल रहे बंद

Tue, 03 Aug 2021 12:06 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

देहरादून में 222 में से मात्र 100 स्कूल खुले, जिले में 112 स्कूल बंद रहे। इसके अलावा अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले में सभी स्कूल नहीं खुल पाए।
विज्ञापन
उत्तराखंड: लॉकडाउन के बाद आज से खुले स्कूल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तराखंड में सोमवार से नौंवी से 12 वीं तक के स्कूल खुल गए। पहले दिन 44 फीसदी बच्चे ही स्कूल पहुंचे। इसमें सबसे कम देहरादून जिले में मात्र 20 फीसदी तो हरिद्वार में 24 फीसदी बच्चे पहुंचे। जबकि रुद्रप्रयाग जिले में सबसे अधिक 80 फीसदी बच्चे स्कूल पहुंचे।

विज्ञापन


प्रदेश में नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, चंपावत, पौड़ी, उत्तरकाशी, टिहरी और चमोली में नौंवी से 12 वीं तक के सभी सरकारी स्कूल खुले। जबकि देहरादून में 222 में से मात्र 100 स्कूल खुले, जिले में 112 स्कूल बंद रहे। इसके अलावा अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले में सभी स्कूल नहीं खुल पाए।

अल्मोड़ा में 325 में से 298 स्कूल खुले। जबकि पिथौरागढ़ जिले में 234 में से 225 स्कूल खुले। जिले के अन्य स्कूल बंद रहे। नैनीताल जिले में 42, अल्मोड़ा में 57, पिथौरागढ़ में 38, ऊधमसिंह नगर में 30, बागेश्वर में 56, चंपावत में 39, पौड़ी में 38, उत्तरकाशी में 40, टिहरी में 59 और चमोली जिले में पहले दिन 54 फीसदी छात्र स्कूल पहुंचे।
विज्ञापन


प्राथमिकता के आधार पर होगा शिक्षकों का वैक्सीनेशन 
शिक्षा सचिव राधिका झा ने कहा कि स्कूल खुलने के बाद शिक्षकों का प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीनेशन होगा। स्वास्थ्य सचिव से इसके लिए अनुरोध किया गया है। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी, हरिद्वार, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग एवं ऊधमसिंह नगर में मई व जून से वैक्सीनेशन किया जा रहा है। शिक्षा सचिव ने कहा कि समस्त मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जिलाधिकारी से समन्वय कर शिक्षकों का वैक्सीनेशन कराएं।

बच्चों के लिए स्कूल को करनी होगी मास्क की व्यवस्था 
शासन की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि यदि कोई छात्र बिना मास्क स्कूल आता है तो ऐसे छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल को मास्क की व्यवस्था करनी होगी। स्कूल खुलने के दौरान सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्रों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा। 

इतने स्कूल खुले आज से 
प्रदेश में आज नौंवी से 12 वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल खुल गए हैं। इसमें सरकारी और निजी हाईस्कूलों की संख्या 1354 है। जबकि 2479 इंटरमीडिएट कॉलेज हैं। इनमें करीब तीन लाख से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।

विज्ञापन

स्कूल में बने क्वारंटीन सेंटर का नहीं हटाया सामान, बच्चों ने लैब में बैठ की पढ़ाई

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, अजबपुरकलां में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर का सामान न हटाने के चलते छात्राओं को लैब में बैठक कर पढ़ाई करनी पड़ी। पहले दिन स्कूल में करीब 40 छात्राएं पहुंची थीं। 

कोरोना की दूसरी लहर में आए अधिक मामलों के चलते स्कूल को क्वारंटीन सेंटर बनाया गया था। इसके छह कक्ष आईटीबीपी को दिए गए थे। जहां आईटीबीपी की ओर से बिस्तर व अन्य सामान रखवाया गया था। ऐसे में सुबह 10 बजे पहुंची छात्राओं को पहले कुछ देर इंतजार करना पड़ा।

इसके बाद शिक्षकों की ओर से लैब को सैनिटाइज कर छात्राओं के बैठने की व्यवस्था बनाई गई। एक शिक्षिका ने बताया कि छात्राओं की सहूलियत को देखते हुए स्कूल को सुबह 10 बजे से खोला गया। 

स्कूल में रखे सामान को हटा कर पूरी तरह से स्कूल को सैनिटाइज कर लिया गया है। कक्षाओं में सामान रखा गया है, इसकी सूचना नहीं मिली थी। सूचना मिलने के तुरंत बाद सामान को हटा लिया गया है। 
- डॉ. मुकुल कुमार सती, मुख्य शिक्षा अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें