नशा तस्करी के छोटे-छोटे सौदागरों को पकड़ने के बाद अब एसटीएफ ने बड़ी मछलियों को पकड़ने की जुगत में है। इसके लिए एसटीएफ हिमाचल, बरेली और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों के लगभग 10 से ज्यादा बड़े तस्करों को चिह्नित किया है। एसटीएफ जल्द ही इन बड़े सौदागरों को पकड़ सकती है।
दरअसल, स्थानीय पुलिस से लेकर एसटीएफ तक नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। बीते दिनों ऐसी कई बड़ी कार्रवाई की गई। तीन दिन पहले पुलिस और तस्करों के गठजोड़ को भी एसटीएफ ने तोड़ने की कोशिश की।
इसमें दो पुलिसकर्मियों समेत कुल छह को गिरफ्तार किया गया है। तस्कर बड़ा हो या छोटा हर कोई नशे की खेप को बरेली, हिमाचल या उत्तराखंड के पहाड़ी जनपदों से लाने की बात पुलिस को बताता है।
बीते कई सालों में बरेली या हिमाचल आदि के इन बड़े तस्करों पर किसी ने हाथ नहीं डाला है। माना जाता है कि इन्हें भी रसूखदारों का साथ मिला हुआ होता है, लेकिन अब एसटीएफ ने इनके खिलाफ भी कार्रवाई की रणनीति बना ली है।
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक हिमाचल, बरेली, उत्तरकाशी आदि जगहों के 10 से ज्यादा तस्करों को चिह्नित किया गया है। इनके खिलाफ एसटीएफ और एनसीबी जल्द ही कोई कार्रवाई सकती है।
एसटीएफ लगातार नशा तस्करों के खिलाफ काम कर रही है। हरिद्वार में बड़ी कार्रवाई के बाद टीम का मनोबल बढ़ा है। ऐसे में बाहर के इलाकों में रहने वाले बड़े तस्करों की कुंडली खंगाली जा रही है। जल्द ही कुछ बड़ी कार्रवाईयां भी होंगी।
-अजय सिंह, एसएसपी, एसटीएफ