विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण की अध्यक्षता में हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में तीन दिन का एजेंडा तय हो गया है। 16 जून के बाद फिर कार्यमंत्रणा समिति की बैठक होगी। मंगलवार को सरकार सदन पटल पर बजट पेश करेगी।
पहले ही दिन हंगामे के आसार
विधानसभा सत्र के पहले ही दिन हंगामे के आसार हैं। विपक्ष गैरसैंण में सत्र न कराए जाने के मुद्दे पर सदन में सरकार पर हमला बोल सकता है। उधर, गैरसैंण में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी उपवास करेंगे। सदन के भीतर और बाहर जनभावनाओं के इस मुद्दे पर विपक्ष सरकार को घेरने का प्रयास करेगा। कांग्रेस विधानमंडल दल की बैठक में पार्टी ने अपनी रणनीति को धार दी।
सत्तापक्ष भी विपक्ष के वार पर पलटवार करने को तैयार है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में ट्रैजरी बैंच की रणनीति पर विचार हुआ। बैठक में तय हुआ कि मंत्री पलटवार करेंगे और सत्तापक्ष के विधायक उनकी ढाल बनेंगे। संगठन और सरकार की रीति-नीति और लाइन के अनुरूप सभी पार्टी सदस्यों से आचरण करने को कहा गया है।
बजट सत्र के दौरान विधानसभा सदस्यों के 560 से अधिक प्रश्न सरकार के मंत्रियों के होमवर्क की परीक्षा लेंगे। विधानसभा सचिव मुकेश सिंघल के मुताबिक, 560 प्रश्न पहुंच चुके हैं और इनके आने का सिलसिला जारी है। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश मंत्रिमंडल ने बेशक आधा दर्जन विधेयकों को मंजूरी दी है, लेकिन विधानसभा के पास अभी कोई विधेयक नहीं पहुंचा है।
विधानसभा सत्र की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मैं उम्मीद कर रही हूं कि सभी सदस्य सदन में राज्य के विकास व जनहित के मुद्दों पर सारगर्भित व सकारात्मक चर्चा करेंगे। सभी सदस्यों से सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से संचालित करने में सहयोग की अपील करती हूं। - ऋतु खंडूड़ी भूषण, विधानसभा अध्यक्ष, उत्तराखंड