असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। इंदिरा गांधी खेल मैदान में भाजपा प्रत्याशी राजेश शुक्ला के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे सरमा ने यहां कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। सभा में भजन गायक कन्हैया मित्तल ने अपने भजनों से जमकर तालियां बटोरीं। दोनों ने जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।
बिस्वा ने कहा कांग्रेस की सोच है कि मुसलमान सिर्फ वोट देने तक सीमित रहें
शुक्रवार को असम के सीएम का हेलिकॉप्टर चीनी मिल मैदान में उतरा। यहां विधायक राजेश शुक्ला की अगुवाई में भाजपाइयों ने उनका स्वागत किया। खेल मैदान में आयोजित जनसभा में सीएम हिमंता ने कहा कि कांग्रेस की सोच है कि मुसलमान सिर्फ वोट देने तक सीमित रहें। उन्होंने अपने प्रदेश में 630 मदरसे बंद करवाए हैं।
उन बच्चों को डॉक्टर और इंजीनियरिंग की पढ़ाई से जोड़ा जाएगा, क्योंकि मदरसे की शिक्षा से कोई इंजीनियर या डॉक्टर नहीं बनता। कहा कि कर्नाटक में हिजाब को लेकर उपजा विवाद भी कांग्रेस की देन है। भाजपा जात-पात की राजनीति नहीं करती।
ये भी देखें...Election 2022: उत्तराखंड में गरजे राजनाथ सिंह, कहा- भले ही पांच साल में तीन सीएम बदले, लेकिन विकास नहीं रुका
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेसी नेता हरीश रावत मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने की बात करते हैं। हम ऐसी यूनिवर्सिटी बनाना चाहते हैं जिसमें शिक्षा लेकर बच्चे को भारत में कहीं भी नौकरी मिल जाए। भाजपा प्रत्याशी राजेश शुक्ला ने उपस्थितजनों से आशीर्वाद मांगा।
यहां कन्हैया मित्तल ने दर्शकों को अपने भजनों से खूब रिझाया। इस दौरान कन्हैया की ‘भगवा दो’ सीडी का असम के सीएम ने विमोचन किया। उन्होंने जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। यहां विपिन जल्होत्रा, रिंकू गुप्ता, दिनेश थुआल, नितिन चरन, सोनू अरोरा, प्रतिभा रघुवंशी आदि थे।