भाजपा समर्थित राज्यसभा प्रत्याशी
- फोटो : अमरउजाला
राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले चुनाव में किसी भी प्रत्याशी के नाम वापस नहीं लेने के चलते त्रिकोणीय मुकाबला होगा। पहले भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशियों में से एक के नाम वापसी की चर्चाएं थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
रिटर्निंग आफिसर जगदीश चंद्र ने बताया कि नामांकन वापस नहीं लेने से अब तीनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। मतदान 11 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके बाद 5 बजे मतगणना शुरू होगी।
राज्यसभा सीट के लिए हो रहे चुनाव में तीन प्रत्याशियों कांग्रेस समर्थित प्रदीप टम्टा और दो निर्दलीय प्रत्याशियों गीता ठाकुर व अनिल गोयल ने नामांकन किया है। शुक्रवार को नाम वापसी का आखिरी दिन था, लेकिन किसी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया।
क्रास वोटिंग पर भाजपा का दांव
पहले उम्मीद जताई जा रही थी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों में से एक प्रत्याशी अपना नामांकन वापस लेगा। कांग्रेसियों को उम्मीद थी कि मुकाबला द्विपक्षीय होगा, लेकिन, ऐसा नहीं हुआ।
प्रत्याशी के नाम वापस नहीं लेने के पीछे भाजपा की रणनीति बताई जा रही है। वहीं भाजपा समर्थित एक निर्दलीय प्रत्याशी का दावा है कि कांग्रेस के कई विधायक उसके संपर्क में हैं। यदि उक्त प्रत्याशी के दावों पर यकीन किया जाए तो मतदान के दौरान क्रास वोटिंग के भी पूरे आसार हैं। हालांकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय का दावा है कि क्रास वोटिंग का सवाल ही नहीं उठता है। पार्टी के सभी विधायक एकजुट हैं। कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है।