नई दिल्ली में टोक्यो 2020 पैरालंपिक के पदक विजेताओं व खिलाड़ियों के स्वागत समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मिलकर मनोज का हौसला और बुलंद हो गया है। मनोज ने बताया कि केंद्रीय खेल मंत्री ने उन्हें अगली बार स्वर्ण पदक लाने के लिए प्रोत्साहित किया है। कहा कि कड़े परिश्रम से तुम जरूर स्वर्ण पदक ला सकते हो।
नई दिल्ली में शाम चार बजे से आयोजित स्वागत समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पैरालंपिक खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर व मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस बार पैरालंपिक खेलों में भारत से पांच स्वर्ण, आठ रजत और छह कांस्य पदक आए हैं। पैरालंपिक खेलों के इतिहास में भारत का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
टोक्यो पैरालंपिक से देश के लिए कांस्य पदक लेकर आए उत्तराखंड के एकमात्र खिलाड़ी मनोज सरकार ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से खिलाड़ियों को अन्य सुविधाएं देने की भी तैयारी चल रही है। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री किरन रिजिजू भी मौजूद थे। बताया कि रुद्रपुर से उनकी पत्नी रेवा सरकार और छोटा भाई मनमोहन सरकार भी दिल्ली पहुंच गए हैं। बृहस्पतिवार को वह पीएम मोदी से मिलेंगे।