बर्तन में थूक कर चाय बनाने के मामले में बुधवार को हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश दिखा। भाजपा और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने माल रोड पर जुलूस भी निकाला। पुलिस ने दोनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी खतौली मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि हिमांशु बिश्नोई निवासी नेहरू ग्राम ने कोतवाली मसूरी में पुलिस को शिकायत दी थी। वायरल वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान कर उनको गिरफ्तार कर लिया है। इनके नाम नौशाद निवासी जमशेर कॉलोनी खतौली, मुजफ्फरनगर और हसन अली निवासी जमशेर कॉलोनी खतौली हैं।
बता दें कि गांधी चौक के पास दो युवकों का चाय बनाते हुए बर्तन में थूकने का वीडियो सामने आया था। इस मामले में दून निवासी हिमांशु ने पुलिस को तहरीर दी थी। मंगलवार को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में बुधवार को भाजपा और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर माल रोड में जुलूस निकाला और कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश रावत और बजरंग दल अध्यक्ष संदीप सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर चौक, मोतीलाल नेहरू मार्ग आदि जगहों पर बाहरी सभी लोगों का पुलिस सत्यापन करने की मांग भी की। सीओ मसूरी अनुज कुमार आर्य ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, धर्मपाल पंवार, मीरा कैंतुरा सकलानी, पुष्पा पडियार, आशुतोष कोठारी, रजत अग्रवाल, मुकेश धनाई और विजय रमोला आदि मौजूद रहे।
Iमुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों ने घटना की निंदा कीI
मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों ने कोतवाली पहुंचकर थूककर चाय बनाने वाली घटना की कड़ी निंदा की। मुस्लिम समाज ने ज्ञापन सौंपकर पुलिस-प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कहा कि मुस्लिम समाज का किसी भी बाहरी व्यक्ति से कोई लेना देना नहीं है। कोई बाहरी व्यक्ति मसूरी का माहौल, भाईचारा खराब नहीं कर सकता है। मुस्लिम समाज पूर्ण रूप से गलत गतिविधियों का विरोध करता है।