शरीर को निरोग रखने के लिए दूनवासियों ने शनिवार को अमर उजाला योग उत्सव के तहत गीता भवन में आयोजित खास योग शिविर में योग किया। महिला पतंजलि योग समिति की राज्य प्रभारी सीमा जौहर ने शिविर में आए लोगों को योग के कई आसन कराए।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी और महिला पतंजलि योग समिति की राज्य प्रभारी सीमा जौहर आदि ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुुुभारंभ किया। इसके बाद योग की महत्ता पर प्रकाश डालने के बाद सीमा जौहर ने योग के कई आसन कराने के साथ ही योग से कई बीमारियों के दूर होने वाले फायदे भी गिनाए। योग आसनों के अंतर्गत सूर्य नमस्कार, यौगिक जौगिंग के 12 स्टेप के बाद प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया। प्रणायाम में भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम विलोम, भ्रामरी और उद्गीथ आसन कराए गए। फिर हाथ पैर के सूक्ष्म व्यायाम कराए गए। त्रृयक ताड़ासान, कटि चक्रासन के अलावा ध्यान, सिंहासन, हास्यासन के बाद शांति पाठ किया गया।
योग शिविर में दिखा उत्साह---
योग प्रशिक्षण में शामिल लोगों में खास उत्साह नजर आया। योग शिविर में पतंजलि योग समिति के प्रशिक्षकों समेत पहली बार अथवा कभी-कभी योग करने वाले लोग भी शामिल हुए। योग के कई आसन करते हुए लोग आनंदित भी दिखे। इन लोगों ने योग को नियमित रूप से अपनाने की बात भी कही।
कई बीमारियों में होता फायदा---
योग प्रशिक्षक सीमा जौहर ने बताया कि योग के अलग-अलग आसनों से हृदय, रक्तचाप, कब्ज, थायराइड व उम्र के बढ़ने पर कंधों की झुकने की दिक्कतों का समाधान होता है। बच्चों की लंबाई भी बढ़ती है। इसके अलावा योग से शरीर के सर्वांगीण विकास भी होता है।
महिलाओं ने गाया मांगल गीत---
शिविर के शुभारंभ पर लोक सांस्कृतिक दल नंदा शक्ति दल से जुड़ी महिलाओं ने मंगल गीत गाए। नंदा शक्ति दल की महिलाओं की मंगल गीत की प्रस्तुति की विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी समेत शिविर में मौजूद अन्य लोगों ने भी प्रशंसा की।
ये रहे मौजूद---
पतंजलि योग समिति के पूर्व राज्य अध्यक्ष हरीश जौहर, महिला पतंजलि योग समिति देहरादून की जिला प्रभारी मुन्नी वैष्णव, संगठन मंत्री शालिनी गुरुंग, महामंत्री कुसुम राय, तहसील प्रभारी राम प्यारी ईष्टवाल, युवती प्रभारी महादेवी, राज्य मीडिया प्रभारी विजया बिष्ट, आदर्श कक्षा रेसकोर्स के विजय निझोन, संजीव चांदना, भगवान नेगी, कुसुम गुप्ता, शिवरानी आदि।