राजधानी में लगातार लोग साइबर ठगों के जाल में फंसकर ठगी का शिकार हो रहे हैं। कोई फर्जी बैंक अधिकारी की बातों में आ रहा है तो किसी को फर्जी कॉल सेंटर वाले शिकार बना रहे हैं। शनिवार को डालनवाला थानों में ठगी के दो मुकदमे दर्ज किए गए।
पहले मामले में एक युवती को ठगों ने फर्जी एलआईसी अधिकारी बनकर ठग लिया। शिखा डोभाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक व्यक्ति ने खुद एलआईसी अधिकारी बताते हुए कॉल किया और कहा कि उनके पिता ने नंबर दिया है। उन्होंने पैसे भेजने की बात कही। इसके लिए उसने फोन पे पर रिक्वेस्ट भेजी। रिक्वेस्ट पर क्लिक करते ही शिखा के खाते से 60 हजार रुपये कट गए। दूसरी ओर, बलबीर रोड निवासी अंकिता भी साइबर ठगों के चक्कर में आ र्गइं। उन्होंने ओएलएक्स पर फिटनेस साइकिल का विज्ञापन देखा था। उन्होंने संपर्क किया तो नंबर ठग का निकला। ठग ने उन्हें झांसे में लिया और भुगतान के लिए क्यूआर कोड भेजा। पहले उनके खाते से 16 हजार रुपये कट गए। इसके बाद बार-बार क्यूआर कोड भेजा गया। कई ट्रांजेक्शन में उनके खाते से 1.15 लाख रुपये कट गए। इंस्पेक्टर एनके भट्ट ने बताया कि दोनों मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।