देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने छात्रों के दो पहिया वाहनों के रखने पर रोक लगा दी है। ऐसे में छात्र अब मेडिकल कॉलेज परिसर में दोपहिया वाहन नहीं रखे सकेंगे और न ही दून अस्पताल में निजी वाहनों से आ-जा सकेंगे। कॉलेज प्रशासन ने यह फैसला पिछले दिनों कई छात्रों के दुर्घटनाओं में घायल होने के बाद लिया गया है।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना की मौजूदगी में हुई मेडिकल कॉलेज की एकेडमिक काउंसिल की बैठक में निर्णय लिया गया। बैठक में सहमति बनी कि भविष्य में मेडिकल छात्र कॉलेज परिसर और छात्रावासों में दोपहिया वाहन नहीं रख सकेंगे और न ही मेडिकल कॉलेज से दून अस्पताल में आ-जा सकेंगे। छात्र केवल मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से संचालित बसों से ही दून अस्पताल व अन्य सरकारी अस्पतालों में आ-जा सकेंगे। काउंसिल की बैठक में कॉलेज की लाइब्रेरी रात 11 बजे तक खोलने पर भी सहमति बनी। प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि कोरोना का असर कम होने के बाद कॉलेज में सभी छात्र-छात्राओं को ऑफलाइन पढ़ाया जा रहा है।