तपोवन स्थित नीमबीच में गंगा में स्नान कर रहे दिल्ली के दो पर्यटक नदी के तेज बहाव में बहने लगे। पर्यटकों को गंगा में बहता देख स्थानीय लोगों में चीखपुकार मचनी शुरू हो गई। मौके पर पहुंची थाना मुनिकीरेती पुलिस ने राफ्ट की मदद से गंगा में डूब रहे पर्यटकों को सकुशल बचा लिया। पर्यटकों की जान बचने पर उन्होंने रेस्क्यू टीम का आभार व्यक्त किया।
थाना मुनिकीरेती पुलिस ने बताया कि रविवार शाम नीमबीच तपोवन में पांच सदस्यों का दल दिल्ली से राफ्टिंग करने के लिए ऋषिकेश घूमने आये थे। राफ्टिंग समाप्त होने के बाद सभी गंगानदी में नहाने लगे। नहाते समय प्रशांत पुत्र मधुर शर्मा निवासी गली नंबर पांच, मकान नंबर सी 109 मुक्कदनगर दिल्ली और करम कुमार पुत्र देशराज सिंह निवासी मकान नम्बर 286 बी नौ करावलनगर दिल्ली नदी की तेज धाराओं में बहने लगे।
युवकों को नदी में बहता देख अन्य दोस्तों में चीखपुकार मचनी शुरू हो गई। मौके पर पहुंची जल पुलिस ने सघन बचाव अभियान कर दोनों पर्यटकों को सकुशल बचा लिया। रेस्क्यू टीम में सुभाष ध्यानी, विदेश चौहान, रविन्द्र तोमर, महेंद्र सिंह आदि शामिल थे।