रुद्रप्रयाग जिले के पांडव सेरा ट्रैक पर फंसे चार ट्रैकर्स और उनके साथ ही लापता हुए तीन पोर्टर का आज सुबह सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू किया गया। सेना के हेलीकॉप्टर से ट्रेकर, पोर्टर को गौचर हवाई पट्टी लाया गया है। जहां आईटीबीपी के अस्पताल में उपचार चल रहा है। ट्रेकर, पोर्टर कोल्ड इंजरी से पीड़ित हैं।
बता दें कि द्वितीय केदार मद्महेश्वर से पांडव सेरा ट्रैक पर गए चार ट्रैकर फंस गए थे। ट्रैकर के साथ रांसी गांव के तीन पोर्टर (कुली) भी थे। एसडीआरएफ की टीम का ट्रैकर से संपर्क हो गया था, लेकिन खराब मौसम के कारण रविवार को ट्रैकर तक टीम नहीं पहुंच पा रही थी। शनिवार दोपहर तीन बजे राज्य आपदा बचाव बल (एसडीआरएफ) जिला नियंत्रण रुद्रप्रयाग कक्ष को सूचना मिली कि पांडव सेरा ट्रैक पर चार ट्रैकर्स तीन पोर्टरों के साथ ट्रैकिंग के दौरान रास्ते से भटक गए हैं। बताया गया कि इन ट्रैकर्स की लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा और इनके पास खाने-पीने की भी कोई सुविधा नहीं है।