फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केदारनाथ में मोदी: प्रधानमंत्री ने अयोध्या, काशी और मथुरा का किया जिक्र, बोले- सदियों बाद अब वापस मिल रहा गौरव

Fri, 05 Nov 2021 01:09 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

खास बातें

PM Narendra Modi Kedarnath Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को केदारनाथ पहुंचे। वह सुबह 7.55 बजे धाम में पहुंचे। उन्होंने यहां बाबा की पूजा-अर्चना व जलाभिषेक किया। प्रधानमंत्री ने केदारनाथ में आदि शंकराचार्य की मूर्ति का लोकार्पण भी किया।
विज्ञापन
केदारनाथ में प्रधानमंत्री मोदी - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:36 AM, 05-Nov-2021

दोपहर 12.30 बजे विशेष विमान से दिल्ली हुए रवाना

इसके बाद प्रधानमंत्री जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह दोपहर 12.30 बजे विशेष विमान से दिल्ली चले गए। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मुख्य सचिव एसएस संधू व अन्य लोग एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। 

10:48 PM, 04-Nov-2021

 केदारनाथ के पुजारी बागेश लिंग ने संपन्न कराई पूजा

शुक्रवार को केदारनाथ के पुजारी बागेश लिंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूजा संपन्न करवाई। अब तक के पीएम के पांच दौरों मे पुजारी बागेश लिंग ने तीन बार पूजा करवाई है। अपने संबोधन के बाद प्रधानमंत्री ने पुरोहितों और मंत्री व भाजपा नेताओं से मुलाकात की। इसके बाद वह करीब 11.41 बजे धाम से रवाना हो गए।

10:42 PM, 04-Nov-2021

ऊंचाई हासिल करेगा उत्तराखंड

अगर कोरोना नहीं होता तो यह और भी ज्यादा होती। कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने कोरोना संक्रमण में साहस का परिचय दिया। कोरोना टीकाकरण की पहली डोज में शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। ये उत्तराखंड की ताकत है, सामर्थ्य है। पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी अब उसी के काम आएगी, पलायन रुकेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री धामी को धन्यवाद कहा। कहा कि जितनी ऊंचाई पर उत्तराखंड है वह उतनी ही ऊंचाई हासिल करेगा। इसके बाद उन्होंने बाबा केदारनाथ और आदि शंकराचार्य को नमन कर 'जय केदार' के जयकारों के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।

विज्ञापन
10:27 PM, 04-Nov-2021

लगातार रिकॉर्ड बढ़ रही चारधाम यात्रा आने वाले भक्तों की संख्या

कहा कि चारधाम सड़क परियोजना पर तेजी से काम हो रहा है, चारों धाम हाईवे से जुड़ रहे हैं। भविष्य में यहां केदारनाथ तक श्रद्धालु केबल कार के जरिए आ सकें, इससे जुड़ी प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। यहां पास में ही पवित्र हेमकुंड साहिब जी भी हैं। हेमकुंड साहिब जी के दर्शन आसान हों, इसके लिए वहां भी रोप-वे बनाने की तैयारी है। पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड के तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। इसी का नतीजा है कि चारधाम यात्रा आने वाले भक्तों की संख्या लगातार रिकॉर्ड बढ़ रही है।
 

10:23 PM, 04-Nov-2021

पूरी दुनिया ने देखा अयोध्या में दीपोत्सव का भव्य आयोजन

पीएम मोदी ने कहा कि अभी दो दिन पहले ही अयोध्या में दीपोत्सव का भव्य आयोजन पूरी दुनिया ने देखा। भारत का प्राचीन सांस्कृतिक स्वरूप कैसा रहा होगा, आज हम इसकी कल्पना कर सकते हैं। इसी तरह उत्तर प्रदेश में काशी का भी कायाकल्प हो रहा है। विश्वनाथ धाम का कार्य बहुत तेज गति से पूर्णता की तरफ आगे बढ़ रहा है। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने अयोध्या, काशी और मथुरा का जिक्र किया। कहा सदियों बाद अब गौरव वापस मिल रहा है। अब देश अपने लिए बड़े लक्ष्य तय करता है। कठिन समय-सीमाएं निर्धारित करता है, तो कुछ लोग कहते हैं कि - इतने कम समय में ये सब कैसे होगा! होगा भी या नहीं होगा! तब मैं कहता हूं कि समय के दायरे में बंधकर भयभीत होना अब भारत को मंजूर नहीं है।

विज्ञापन
10:19 PM, 04-Nov-2021

आदि शंकराचार्य जी द्वादश ज्योतिर्लिंगों के पुनर्जागरण का काम किया

प्रधानमंत्री ने कहा कि आदि शंकराचार्य जी ने पवित्र मठों की स्थापना की, चार धामों की स्थापना की, द्वादश ज्योतिर्लिंगों के पुनर्जागरण का काम किया। आदि शंकराचार्य ने सबकुछ त्यागकर देश, समाज और मानवता के लिए जीने वालों के लिए एक सशक्त परंपरा खड़ी की है। कहा कि हमारे यहां सदियों से चारधाम यात्रा का महत्व रहा है। द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन की, शक्तिपीठों के दर्शन की, अष्टविनायक के दर्शन की, ये सारी यात्राओं की परंपरा है। ये तीर्थाटन हमारे यहां जीवन काल का हिस्सा माना गया है। अब हमारी सांस्कृतिक विरासतों को, आस्था के केंद्रों को उसी गौरवभाव से देखा जा रहा है, जैसा देखा जाना चाहिए। आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर पूरे गौरव के साथ बन रहा है, अयोध्या को उसका गौरव वापस मिल रहा है।

10:16 PM, 04-Nov-2021

भारत की आध्यात्मिक समृद्धि और व्यापकता का अलौकिक दृश्य

प्रधानमंत्री ने कहा कि शंकर का संस्कृत में अर्थ 'शं करोति सः शंकरः' यानी, जो कल्याण करे, वही शंकर है। इस व्याकरण को भी आचार्य शंकर ने प्रत्यक्ष प्रमाणित किया। उनका पूरा जीवन जितना असाधारण था, उतना ही वो जन-साधारण के कल्याण के लिए समर्पित थे। आदि शंकराचार्य का जीवन भारत और विश्व कल्याण के लिए था। आज आप श्री आदि शंकराचार्य जी की समाधि की पुन: स्थापना के साक्षी बन रहे हैं। यह भारत की आध्यात्मिक समृद्धि और व्यापकता का बह़त अलौकिक दृश्य है। कहा कि जात-पात के भेदभाव से हमारा कोई सरोकार नहीं है। एक समय था जब आध्यात्म को, धर्म को केवल रूढ़ियों से जोड़कर देखा जाने लगा था। लेकिन, भारतीय दर्शन तो मानव कल्याण की बात करता है, जीवन को पूर्णता के साथ समग्र तरीके
में देखता है। आदि शंकराचार्य ने समाज को इस सत्य से परिचित कराने का काम किया है।

10:07 PM, 04-Nov-2021

मैंने जो पुनर्निर्माण का सपना देखा था वो आज पूरा हो रहा है: पीएम

कहा कि मैंने जो पुनर्निर्माण का सपना देखा था वो आज पूरा हो रहा है। जो कि सौभाग्य की बात है। इस आदि भूमि पर शाश्वत के साथ आधुनिकता का ये मेल, विकास के ये काम भगवान शंकर की सहज कृपा का ही परिणाम हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ की। कहा कि मैं इन पुनीत प्रयासों के लिए उत्तराखंड सरकार का, मुख्यमंत्री धामी का और इन कामों की जिम्मेदारी उठाने वाले सभी लोगों का भी धन्यवाद करता हूं। उन्होंने केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण कार्य करने वाले श्रमिकोंं का भी धन्यवाद किया। बर्फबारी और कड़ी ठंड के बीच उनके काम की सराहना की। इस दौरान उन्होंने पुजारियों और रावल का भी आभार व्यक्त किया।

09:44 PM, 04-Nov-2021

जय बाबा केदार के जयकारों के साथ पीएम का संबोधन शुरू

प्रधानमंत्री मोदी ने 'जय बाबा केदार' के जयकारों के साथ अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि यह भारत की संस्कृति की व्यापकता का आलौकिक दृश्य है। उन्होंने देश के सभी साधु-संतों को प्रणाम किया। कहा कि भारत की महान ऋषि परंपरा है। कहा सभी का नाम लूंगा तो एक हफ्ता लग जाएगा। मैं यहां जब भी आता हूं कण-कण से जुड़ जाता हूं। कहा कि गरुड़चट्टी से मेरा पुराना नाता है। कहा कि गाेवर्धन पूजा के दिन मुझे केदारनाथ दर्शन का सौभाग्य मिला है। केदारनाथ में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। 2013 की आपदा के दौरान मैंने यहां की तबाही को अपनी आंखों से देखा था। इस दौरान केदारनाथ आपदा को याद कर प्रधानमंत्री मोदी भावुक हो गए। कहा कि बरसों पहले जो नुकसान यहां हुआ था, वो अकल्पनीय था। जो लोग यहां आते थे, वो सोचते थे कि क्या ये हमारा केदार धाम फिर से उठ खड़ा होगा? लेकिन मेरे भीतर की आवाज कह रही थी कि ये पहले से अधिक आन-बान-शान के साथ खड़ा होगा।
 

09:42 PM, 04-Nov-2021

करीब चार सौ करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

केदारनाथ धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब चार सौ करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
 

09:24 PM, 04-Nov-2021

पीएम का हिमालय और उत्तराखंड से विशेष लगाव : पुष्कर सिंह धामी

 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री को केदारनाथ मंदिर का प्रतिकात्मक स्वरूप और शॉल भेंट किया। इसके बाद अब कुछ देर में ही प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम के संबोधन से पहले मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का केदारनाथ पधारने पर हार्दिक स्वागत किया। पीएम का हिमालय और उत्तराखंड से विशेष लगाव है। आज का दिन स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। 2013 की अपदा के समय आपने उत्तराखंड की मदद के लिए हाथ बढ़ाया था। केदारनाथ का पुनर्निर्माण प्रधानमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है। जिसके पहले चरण का काम पूरा हो चुका है और दूसरे चरण के कार्य हो रहे हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति का संचार हो रहा है। उत्तराखंड के प्रति प्रधानमंत्री का प्रेम किसी से छिपा नहीं है। मुख्यमंत्री ने कुमाऊं मंडल में एम्स सेटेलाइट सेंटर खोलने की अनुमति देने पर भी प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।
 

09:11 PM, 04-Nov-2021

कुछ पुनर्निर्माण कार्याें का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया

इसके बाद पीएम मोदी ने केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्याें का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कुछ पुनर्निर्माण कार्याें का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। 

09:02 PM, 04-Nov-2021

आदि शंकराचार्य की मूर्ति का लोकार्पण किया

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने केदारनाथ में आदि शंकराचार्य की मूर्ति का लोकार्पण भी किया। वह कुछ देर के लिए यहां ध्यान पर बैठे।
   

08:57 PM, 04-Nov-2021

सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध

प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर यहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मंदिर को फूल-मालाओं से सजाया गया है। इसके लिए ऋषिकेश से 15 क्विंटल फूल मंगाए गए हैं।

08:51 PM, 04-Nov-2021

विश्व कल्याण की कामना की

प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम की परिक्रमा की और विश्व कल्याण की कामना की। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि पीएम मोदी धाम में जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं।
 

 

08:39 PM, 04-Nov-2021

करीब 15 मिनट तक प्रधानमंत्री ने की पूजा

करीब 15 मिनट तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ मंदिर के अंदर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर की परिक्रमा की।
 

08:30 PM, 04-Nov-2021

गर्भ गृह में बाबा की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ मंदिर के गर्भ गृह में बाबा की विशेष पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक किया। 
 

08:25 PM, 04-Nov-2021

320 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे

प्रधानमंत्री केदारनाथ में आदि शंकराचार्य की मूर्ति के अनावरण समेत करीब 320 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। 
 

08:16 PM, 04-Nov-2021

मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे प्रधानमंत्री

इस कार्यकाल में पीएम मोदी का केदारनाथ का पांचवां दौरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूजा-अर्चना के लिए मंदिर में पहुंच गए हैं।
 

08:09 PM, 04-Nov-2021

केदारनाथ धाम पहुंचे पीएम

एमआई हेलीकॉप्टर से सुबह 7.55 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केदारनाथ धाम पहुंचे। प्रधानमंत्री केदारनाथ मंदिर में जलाभिषेक के साथ ही आदिगुरु शंकराचार्य समाधि स्थल के पुनर्निर्माण के लोकार्पण के साथ ही मूर्ति का अनावरण भी करेंगे।
 

08:08 PM, 04-Nov-2021

आदि शंकराचार्य की मूर्ति का लोकार्पण करने वाले हैं प्रधानमंत्री

उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केदारनाथ में आदि शंकराचार्य की मूर्ति का लोकार्पण करने वाले हैं। जो नई केदारपुरी यहां बसाई गई है, उसका भी उद्घाटन प्रधानमंत्री के द्वारा किया जाएगा।प्रधानमंत्री केदारनाथ धाम में लगभग दो घंटे तक रहेंगे। साथ ही वे केदारनाथ से जनता को संबोधित भी करेंगे। 

08:08 PM, 04-Nov-2021

बाबा के आशीर्वाद पर पूरा भरोसा

पीएम मोदी बाबा केदार के बहुत बड़े भक्त हैं। यहां तपस्या कर उन्होंने अपने जीवन के कई साल गुजारे हैं। उन्हें बाबा के आशीर्वाद पर पूरा भरोसा है। इसलिए वह यहां हर साल जरूर आते हैं और आशीर्वाद लेते हैं। हालांकि कोरोना संक्रमण के कारण वह पिछले साल बाबा केदार के दर्शनों के लिए नहीं आ पाए थे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान केदारनाथ में मौसम खराब होने या किन्हीं अन्य कारणों से गौचर में हेलीकॉप्टर लैंडिंग की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 7.15 बजे एमआई हेलीकॉप्टर से केदारनाथ के लिए रवाना हुए।
 

08:07 PM, 04-Nov-2021

प्रधानमंत्री की केदारनाथ यात्रा सिर्फ राजनीतिक यात्रा: कांग्रेस

नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री की केदारनाथ यात्रा सिर्फ राजनीतिक यात्रा है। 2013 में आई आपदा के दौरान तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने आपदा से निपटने के लिए आठ हजार करोड़ का राहत पैकेज स्वीकृत किया था। उसमें से लगभग चार हजार करोड़ रुपये अवमुक्त भी हुए थे। परंतु जो शेष राशि थी, उसे भाजपा नीत केंद्र सरकार ने आज तक रिलीज नहीं किया है। नैनीताल आपदा के बाद गृहमंत्री के दो बार उत्तराखंड आने के बाद भी अब तक कोई राहत पैकेज जारी नहीं किया। प्रधानमंत्री की केदारनाथ यात्रा सिर्फ राजनीतिक यात्रा है, उन्हें उत्तराखंड में अब कुछ हासिल नहीं होने वाला है। वहीं प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 6.48 बजे देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर विशेष विमान से पहुंचे। मुख्यमंंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल, पूर्व मुख्य्मंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, मुख्य सचिव एसएस संधू, मेयर सुनील उनियाल गामा, मंत्री सुबोध उनियाल समेत कई विधायक और संगठन के पदाधिकारी उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे।
 

05:55 PM, 04-Nov-2021

मैसूर के मूर्तिकार योगीराज शिल्पी ने तैयार की है शंकराचार्य की प्रतिमा 

श्री केदारनाथ धाम में आदिगुरु शंकराचार्य की 12 फीट ऊंची कृष्णशिला पत्थर से बनाई गई है। मैसूर के प्रसिद्ध मूर्तिकार योगीराज शिल्पी ने 120 टन के पत्थर पर शंकराचार्य की प्रतिमा को तराशा है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रतिमा का अनावरण करेंगे। वर्ष 2013 में आई आपदा में शंकराचार्य की समाधि बह गई थी।

विशेष डिजाइन से तैयार की गई है आदिगुरु शंकराचार्य की समाधि
प्रतिमा की चमक के लिए उसे नारियल पानी से पॉलिश किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशा-निर्देश में केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण कार्यों के तहत आदिगुरु शंकराचार्य की समाधि विशेष डिजाइन से तैयार की गई है। आदिगुरु शंकराचार्य की समाधि केदारनाथ मंदिर के ठीक पीछे छह मीटर जमीन की खुदाई कर बनाई गई है।

समाधि के मध्य में मैसूर के मूर्तिकारों द्वारा तैयार प्रतिमा स्थापित की गई है। आदिगुरु शंकराचार्य की प्रतिमा निर्माण के लिए देश भर के मूर्तिकारों की ओर से अपना मॉडल पेश किया गया था। जिसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय से योगीराज शिल्पी को प्रतिमा तैयार करने के लिए अनुबंध किया गया था। 

06:42 PM, 04-Nov-2021

जनता को संबोधित भी करेंगे पीएम

गौरीकुंड से केदारनाथ के बीच पड़ावों व अन्य चिह्नित स्थानों पर जवान तैनात हैं। केदारनाथ में मंदिर मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई है। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम शुक्रवार सुबह छह बजे से पूर्वाह्न 11.30 बजे के बीच है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केदारनाथ धाम में लगभग दो घंटे तक रहेंगे। साथ ही वे केदारनाथ से जनता को संबोधित भी करेंगे। 

पीएम मोदी का केदारनाथ दौरा: प्रधानमंत्री की साधना स्थली को भूल गई सरकार, 2017 में यहां बिताया था कुछ समय, पढ़ें खास रिपोर्ट

12 ज्योतिर्लिंगों को ऑनलाइन कनेक्ट करने की भी तैयारी
केदारनाथ समेत देश की सभी दिशाओं में स्थापित 12 ज्योतिर्लिंगों को ऑनलाइन कनेक्ट करने की भी तैयारी है। पीएम के दौरे के माध्यम से एक साथ सभी ज्योतिर्लिंगों को जोड़ने का प्रयास होगा। 

पीएम मोदी के दौरे के समय यात्री, बाबा केदार के दर्शन नहीं कर सकेंगे। केदारघाटी से केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर का संचालन भी बंद रहेगा। प्रदेश में 35 शिवालयों में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण होगा।

05:14 PM, 04-Nov-2021

केदारनाथ में मोदी: प्रधानमंत्री ने अयोध्या, काशी और मथुरा का किया जिक्र, बोले- सदियों बाद अब वापस मिल रहा गौरव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बाबा केदार के धाम पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए मंदिर को फूल-मालाओं से सजाया गया है। इसके लिए ऋषिकेश से 15 क्विंटल फूल मंगाए गए हैं।

PM Modi Kedarnath Visit: शुक्रवार को प्रधानमंत्री के दौरे के लिए कुछ इस तरह सजाया गया धाम, तस्वीरों में देखें

चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी की नजर
दीपावली के शुभ अवसर पर केदारनाथ मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। मंदिर में आरती की गई। धाम में लोगों ने दिवाली मनाई और पटाखे फोड़े। वहीं प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर यहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। रुद्रा प्वाइंट से केदारनाथ मंदिर और ध्यान गुफा समेत गरुड़चट्टी तक पुलिस, पीएससी समेत अन्य सुरक्षा फोर्स के जवान मुस्तैद हैं। चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी की नजर है।

पीएम मोदी का केदारनाथ दौरा: कांग्रेस ने बताया राजनीतिक मार्केटिंग, जवाब में आज शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे कांग्रेसी

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें