केदारनाथ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने ड्रीम प्रोजेक्ट केदारनाथ पुनर्निर्माण में सबसे खास आदिगुरु शंकराचार्य समाधि स्थल के पुनर्निर्माण के लोकार्पण के साथ ही मूर्ति का अनावरण भी करेंगे। केदारनाथ में मंदिर के पीछे मंदाकिनी नदी किनारे आदिगुरु शंकराचार्य की कुटीर (समाधि स्थल) का निर्माण किया गया है।
नवंबर 2019 में तीन चरणों में यह कार्य शुरू किया गया था। दो चरण का काम पूरा हो चुका है। कार्यदायी संस्था वुड स्टोन कंपनी के टीम प्रभारी मनोज सेमवाल ने बताया कि समाधि का निर्माण 36 मीटर गोलाकार में किया गया है जिसकी गहराई छह मीटर है। अब, समाधि तक प्रवेश व निकासी के लिए अलग-अलग 3 मीटर चौड़े व 40 मीटर लंबे दो रास्तों का निर्माण किया जाना है। गौरतलब है कि 2013 की आपदा में केदारनाथ में आदिगुरु शंकराचार्य का समाधिस्थल और उनकी मूर्ति मंदाकिनी नदी के सैलाब में तबाह हो गई थी।