पितृ विसर्जन अमावस्या पर यदि आप स्नान पर्व के लिए धर्मनगरी हरिद्वार आ रहे हैं तो आने से पहले यातायात प्लान जरूर देख लें। पुलिस ने मंगलवार रात और बुधवार के लिए यातायात प्लान जारी कर दिया है। शहर के अंदर भारी वाहनों को प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। हरकी पैड़ी क्षेत्र के लिए छोटे वाहन भी प्रतिबंधित हैँ। केवल उस इलाके लोगों को वाहन से आने-जाने की छूट है।
एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि पितृ विसर्जन अमावस्या के स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार में यातायात डायवर्जन लागू किया है। दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर से आने वाले वाहन ट्रैक्टर-ट्राली और बस ऋषिकुल मैदान में पार्क हो रहे हैँ।
इसके साथ ही इस मार्ग से आने वाले छोटे वाहन कार, जीप हरे राम इंटर कालेज के मैदान, गड्ढा पार्किंग, रोडीबेलबाला और पंतदीप पार्किंग में पार्क हो रहे हैं। बिजनौर-नजीबाबाद से आने वाले ट्रैक्टर-ट्राली एवं बस बैरागी कैंप में पार्किंग मैदान में पार्क हो रहे हैं। तुलसी चौक से देवपुरा चौक के बीच किसी भी वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित है। देहरादून-ऋषिकेश की ओर से आने वाले ट्रैक्टर-ट्राली व बस जयराम मोड़ कट से टर्न कराकर पंतदीप पार्किंग में खड़े कराए जा रहे हैं।
शंकराचार्य चौक से तुलसी चौक की ओर लोकल वाहनों को छोड़कर बाहरी जनपद के वाहन प्रतिबंधित हैं। शिवमूर्ति चौक के अंदर से ऑटो, विक्रम, ई-रिक्शा वाहन तुलसी चौक की ओर प्रतिबंधित हैं। चंडी चौक, ललतारौ पुल से वाल्मीकि चौक की तरफ लोकल पब्लिक वाहनों को छोड़कर अन्य जनपद के वाहन प्रतिबंधित हैं। एसएसपी ने बताया कि मंगलवार देर रात से यातायात, सीपीयू व अन्य पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है।