आत्महत्या के इरादे से एनएचपीसी के पावर चैनल नहर में कूदे प्रेमी युगल में से छात्रा की लाश मिल गई है। लेकिन पांच दिन बाद भी युवक की तलाश नहीं की जा सकी है।
नहर में लगा दी छलांग
नैनीताल निवासी फरहान (32) की मल्लीताल में जनरल स्टोर की दुकान है। वह शादीशुदा बताया गया है। दो बच्चों के पिता फरहान का नैनीताल में पढ़ने वाली दूसरे धर्म की छात्रा (20) से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
छात्रा नायकगोठ टनकपुर की मूलवासी थी। यह दोनों रविवार की सुबह करीब आठ बजे एक कार में सवार होकर यहां आर्मी कैंट के पास घूम रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक काफी देर तक कार वहां आती-जाती रही। इसी दौरान एनएचपीसी के पावर चैनल के पास कार से उतरी छात्रा नहर में कूद गई। इसके बाद फरहान ने भी नहर में छलांग लगा दी।
सूचना पाकर वहां पहुंची पुलिस ने कार समेत युगल के जूते, चप्पल कब्जे में ले लिए हैं। युगल की तलाश के लिए चैनल में पानी की सप्लाई रोक दी गई थी। युवक की तलाश जारी है।