हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की ओर से यूजी (अंडर ग्रेजुएशन) व पीजी (पोस्ट ग्रेजुएशन) के बैक पेपर का रिजल्ट जारी न होने से हजारों छात्र अगली कक्षाओं में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। इसे लेकर डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रों ने कड़ा विरोध जताया। छात्रों की समस्या को देखते हुए डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय सक्सेना ने भी विवि से जल्द रिजल्ट जारी करने का आग्रह किया है।
डॉ. अजय सक्सेना की ओर से विवि के परीक्षा नियंत्रक को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि यूजी व पीजी में अंतिम वर्ष का रिजल्ट जारी हो चुका है, लेकिन कई कक्षाओं के बैक पेपर का रिजल्ट जारी नहीं हो सका है।
इनमें बी.ए, बी.कॉम, बी.एससी, बी.एड व लॉ के दूसरे व चौथे सेमेस्टर और पीजी में एम.ए, एम.कॉम, एम.एससी में दूसरे सेमेस्टर का रिजल्ट शामिल है। रिजल्ट न आने के कारण छात्रों को अगली कक्षा में प्रवेश नहीं दिया जा सकता है। इस देरी की वजह से छात्रों को साल खराब होने की चिंता सताने लगी है।