जगद्गुरु का आशीर्वाद लेने पहुंचे सीएम धामी
देवोत्थान एकादशी पर जगद्गुरु आश्रम में विशेष अनुष्ठान संपन्न हुआ और भक्ताें ने भंडारे का प्रसाद लिया। इस अनुष्ठान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहुचे और जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। जगद्गुरु ने सीएम से उत्तरकाशी के सिलक्यारा में जारी रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश के बहादुर श्रमिकों को बचाने का हर संभव प्रयास है, जिसमें सफलता भी मिल रही है। उन्होंने जगद्गुरु को आश्वस्त किया कि सभी श्रमिक सकुशल बाहर आएंगे।
उनके लिए देशभर के लोग प्रार्थना कर रहे हैं। देव और संत आशीर्वाद से इसमें सफलता मिलेगी। जगद्गुरु शंकराचार्य ने केंद्रीय और राज्य की एजेंसियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की पूर्ण निगरानी में राज्य की तमाम संस्थाएं श्रमिकों को बचाने का सफल प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर श्रमिकों की बहादुरी और उनके जज्बे को देश के लोग नमन कर रहे हैं।
उन्होंने श्रमिक परिवारों के धैर्य की भी सराहना की। कहा कि शासन और प्रशासन की ओर से श्रमिक और उनके परिजनों को जितनी आवश्यकता हो मदद की जानी चाहिए। इस दौरान सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, जिलाध्यक्ष भाजपा संदीप गोयल, लव शर्मा, सचिव मुख्यमंत्री विनय शंकर पांडेय, सचिव मीनाक्षी सुंदरम आदि मौजूद रहे।