राज्यसभा सीट पर होने वाले चुनाव में प्रत्याशी चयन के लिए तैयार होने वाले पैनल में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का भी नाम शामिल होगा। मुख्यमंत्री के पद छोड़ने के बाद से त्रिवेंद्र का संगठन में अभी तक कोई किरदार तय नहीं हो पाया है। हालांकि सियासी हलकों में उन्हें केंद्रीय संगठन में जगह देने की बातें भी होती रही हैं।
संगठन स्तर पर राज्यसभा के प्रत्याशी चयन के लिए नामों का पैनल तैयार करने की कवायद शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले कुछेक दिन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के बीच मंत्रणा होगी, जिसमें पैनल में भेजे जाने वाले छह नाम तय किए जाएंगे। पैनल में तीन पुरुष और तीन महिला नेताओं के नाम शामिल किए जाएंगे जो राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं।
हालांकि सियासी हलकों में राज्य के बाहर से उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चाएं हैं। लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि पैनल में केवल स्थानीय नेताओं के नाम ही भेजे जाएंगे। पैनल में जिन नामों की प्रमुखता से चर्चा हो रही है, उनमें पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का नाम प्रमुख है।