देहरादून में पारिवारिक रंजिश के चलते भांजों ने सगे मामा को मौत के घाट उतार दिया। शुरुआत में इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा हुआ। पुलिस ने मृतक के दोनों भांजों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम को शहर कोतवाली के खुड़बुड़ा क्षेत्र में एक युवक के आत्महत्या की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला संदिग्ध लगा। पता चला कि युवक के गले में चुन्नी का फंदा था और वह एक पाइप से बंधा था। कलाइयों पर कट के निशान थे।
गले पर भी फंदे के निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर विद्याभूषण नेगी ने बताया कि अमित नाम का युवक अपनी बड़ी बहन के घर में रहता था। वहां उसके भांजे गौरव और राहुल भी रहते हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि युवक कई बार आत्महत्या की कोशिश कर चुका है।
ऐसे में उसकी कलाइयों पर पुराने कट के निशान भी थे। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही थी। शव का पोस्टमार्टम कराया तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पता चला कि युवक को गला दबाकर मारा गया है। उसकी कलाइयों पर कट के निशान मौत के बाद के हैं। कट से उसकी मृत्यु नहीं हुई है। मौके पर खून भी ज्यादा नहीं था। शक के आधार पर पुलिस ने मृतक के दोनों भांजों को हिरासत में ले लिया।