उत्तराखंड के पौड़ी में पटवारी चौकी बनेलस्यूं-2 की हवालात में बंद दुराचार के आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपी के परिजनों ने राजस्व पुलिस पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।
बीस जुलाई को एक व्यक्ति ने राजस्व पुलिस में तहरीर देकर कोट खांडा गांव निवासी 28 वर्षीय दिगंबर पर 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया था।
बृहस्पतिवार को राजस्व पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पटवारी चौकी बनेलस्यूं-2 की हवालात में बंद कर दिया।
पुलिस को नहीं उतारने दिया शव
राजस्व पुलिस के अनुसार रात में करीब बारह बजे अचानक हवालात से आवाज आने पर चौकी में तैनात कर्मचारियों ने हवालात में जाकर देखा तो आरोपी का शव रोशनदान से लटका हुआ था।
रात में ही घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। सुबह यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई। इस दौरान आरोपी के परिजनों समेत क्षेत्र के कई लोग मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने राजस्व पुलिस पर आरोपी की हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने राजस्व पुलिस को आरोपी के शव को नीचे नहीं उतारने दिया।
प्लास्टिक के बोरी से बनाई रस्सी
बाद में पहुंचे एसडीएम और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव नीचे उतारा गया। पौड़ी के नायब तहसीलदार आशीष घिल्डियाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए पौड़ी लाया जा रहा है।
राजस्व पुलिस का कहना है कि आरोपी को जब हवालात में बंद किया गया था वहां एक प्लास्टिक का बोरा पड़ा हुआ था। आरोपी ने प्लास्टिक के बोरे को उधाड़कर रस्सी बनाई हुई है। रस्सी से हवालात के रोशनदान से लटकर आत्महत्या की गई।