देहरादून पुलिस ने बीमा पॉलिसी के नाम पर 29 लाख रुपये ठगने वाले कॉल सेंटर संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 14 नोट बुक बरामद हुई हैं। इसमें ठगी का पूरा हिसाब-किताब है। 11 मोबाइल के साथ 15 सिम और कई कंपनियों का डाटा आरोपी ने बरामद कराया है। ठगी में दो आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं।
एसएसपी डा. सदानंद दाते ने बताया कि डालनवाला थाने में 2015 में मोहिनी रोड पर एक सेवानिवृत्त अधिकारी से बीमा पॉलिसी के नाम पर 29 लाख रु पये की ठगने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। पॉलिसी कराने और इन्वेस्टमेंट का झांसा देकर कई खातों में रकम डलवाई गई थी।
विवेचना के दौरान दो आरोपी शैलेश कुमार पांडे और अमित श्रीवास्तव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों की तलाश में टीम गठित की गई थी। पुलिस ने आरोपी प्रवीण कुमार निवासी नरीआम गाजियाबाद (हाल बरोला सेक्टर 49 नोएडा) को नोएडा से गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने नोएडा में कॉल सेंटर खोला था, जहां से यह गोरखधंधा चल रहा था। आरोपी ने बताया कि अफजल नाम का एक शख्स उन्हें विभिन्न कंपनियों का पॉलिसी डाटा उपलब्ध करा रहा था। एसएसपी ने टीम में शामिल इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह सामंत, एसएसआई दिलबर सिंह नेगी, उप निरीक्षक कैलाश चंद, आशुतोष, कांस्टेबल हरीश, कमलेश, आशीष को ढाई हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।