उत्तराखंड के कोटद्वार में दुगड्डा के पास हुए रोशनजहां (28) हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने आखिरकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी पति को नजीबाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी पति फरीद अहमद को कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात नजीबाबाद रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस रात को ही उसे यहां कोतवाली ले आई। फरीद को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में पौड़ी जेल भेज दिया गया है। आरोपी ने जिस तरह से इस हत्याकांड को अंजाम दिया वह पूरी तरह से फिल्मी था।
पुलिस के अनुसार फरीद को अपनी पत्नी रोशनजहां के चरित्र पर संदेह था, इसलिए उसने दुगड्डा के पास गला घोंटकर उसकी हत्या की और शव खाई में फेंक दिया। वह उसे घुमाने के बहाने यहां लेकर आया था ताकि किसी को उस पर शक न होने पाए। हत्याकांड के दस दिन बाद उसने पत्नी की गुमशुदगी का विज्ञापन नजीबाबाद के अखबार में छपवा दिया।
20 अक्तूबर को दुगड्डा के पास मिले शव की रोशनजहां के रूप में शिनाख्त होते ही कोतवाली पुलिस ने एसओजी के साथ मिलकर हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है। मृतका रोशनजहां के पिता की ओर से उसके पति फरीद अहमद और सास, ससुर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद शुक्रवार रात पुलिस ने फरीद अहमद को नजीबाबाद रेलवे स्टेशन से दबोच लिया।