नैनीताल के रामनगर में इंसानियत को शर्मसार करते हुए दो युवकों ने एक विक्षिप्त महिला से गैंगरेप किया। पुलिस ने एक बलात्कारी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला।
क्षेत्र में 40 वर्षीय एक विक्षिप्त महिला आए दिन इधर-उधर घूमती रहती है। बुधवार रात बेलगढ़ निवासी शिवराम और सूरज इस विक्षिप्त महिला को बहलाकर अपने साथ गुलरघट्टी स्थित एक खंडहर में ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया।
राहगीर ने दी पुलिस को सूचना
इसी बीच किसी राहगीर ने उन्हें बलात्कार करते देख लिया और पुलिस को सूचना दे दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआई आरसी डौढियाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को आता देख सूरज मौके से फरार हो गया जबकि शिवराम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पीड़ित महिला का मेडिकल कराकर शिवराम के खिलाफ धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया, जबकि फरार सूरज की तलाश की जा रही है।
शुक्रवार को मेडिकल
एसआई कमलेश भट्ट ने बताया कि विक्षिप्त महिला को शुक्रवार को एसडीएम के समक्ष पेश कर सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में मेडिकल करा देहरादून भेजा जाएगा।