ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
कैंट थाना निवासी सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल के बंद घर ताला तोड़कर चोरों ने ज्वेलरी समेत काफी सामान पार कर दिया। लेफ्टिनेंट कर्नल अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ गए थे। वापस आने के बाद लेफ्टिनेंट कर्नल ने मुकदमा दर्ज कराया है।
कैंट इंस्पेक्टर कैंट शंकर सिंह बिष्ट के अनुसार क्षेत्र के आर्मी एरिया के बीचर रोड पर लेफ्टिनेंट कर्नल हरमन जीत सिंह का मकान है। वे 21 अप्रैल को अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ गए थे। इस बीच 23 अप्रैल को हरमन जीत सिंह के सिपाही ने बताया कि लेफ्टिनेंट कर्नल के घर में चोरी हो गई है। मुआयना के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल के मकान के दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। घर मालिक के न होने से चोरी गए सामान का सही आंकलन नहीं हो पाया। फोन पर हुई बात के बाद हरमन जीत सिंह ने चंडीगढ़ से वापस आने पर मुकदमा दर्ज कराने की बात कही। शनिवार को हरमन जीत सिंह के वापस आने पर उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। लेफ्टिनेंट कर्नल के मुताबिक घर से कुछ आर्टिफिशियल ज्वेलरी और अन्य सामान चोरी हुआ है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर चोरों की तलाश की जा रही है।