ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
पत्नी से झगड़ा कर हिमाचल से देहरादून पहुंचे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव पुलिस ने आईएसबीटी के पास एक गेस्ट हाउस के बाहर से बरामद किया। परिजनों ने इस मामले में कोई शिकायत नहीं की है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक पटेलनगर पुलिस को शुक्रवार देर रात करीब 12:30 बजे आईएसबीटी के पास जोया गेस्ट हाउस के पास एक व्यक्ति के बेहोश पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने व्यक्ति को दून अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेब से मिले आधार व पैन कार्ड से युवक की पहचान कुलदीप पुत्र अतर सिंह निवासी ग्राम क्यारी, तहसील चौपाल, क्यारी शिलांग हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई। चौकी प्रभारी आईएसबीटी मनमोहन नेगी ने बताया कि कुलदीप के परिजनों को तत्काल इसकी सूचना दे दी गई थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुलदीप का पत्नी से विवाद रहता था। बीते एक अक्तूबर को वह पत्नी से झगड़ा करने के बाद अपना सामान लेकर घर से चला गया था। उसका कहीं पता नहीं चल रहा था। स्थानीय थाने में परिजनों ने गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। चौकी प्रभारी ने बताया कि कुलदीप ने काफी शराब पी हुई थी। माना जा रहा है कि उसकी मौत अत्यधिक शराब पीने के कारण ही हुई है। हालांकि, चिकित्सकों की सलाह पर उसका विसरा संरक्षित कर जांच के लिए फोरेंसिक लैब भिजवा दिया गया है।
गढ़वाल के युवक का शव मिला
कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक युवक शराब के नशे में पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे दून अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की पहचान कांता प्रसाद पुत्र गंगाराम, निवासी धुमाकोट पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई। कांता प्रसाद दून में डिस्पेंसरी रोड स्थित एक मिठाई की दुकान में काम करता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।