ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
कोतवाली पुलिस ने लोडर वाहन में सब्जियों के नीचे बॉक्स में छिपाकर लाई जा रही शराब की खेप पकड़ी है। पूछताछ में आरोपी अनवारुल हक ने बताया कि वह शराब हरियाणा से ऋषिकेश में सप्लाई के लिए लाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर वाहन को सीज कर दिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर के लोडर वाहन से शराब की खेप तस्करी कर ऋषिकेश लाई जा रही है।
पुलिसकर्मियों ने दून मार्ग स्थित नटराज चौक पर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इस दौरान ऋषिकेश-देहरादून मार्ग की ओर से आ रहे एक लोडर वाहन को रोका गया। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि वाहन की तलाशी लेने पर उसमें टमाटर आदि सब्जियां भरी मिली। गहनता से जांच करने पर वाहन में सब्जियों के नीचे एक बॉक्स बना मिला, जिससे हरियाणा ब्रांड के 1104 पव्वे बरामद हुए। आरोपी की पहचान अनवारुल हक पुुत्र मोहम्मद यासीन निवासी गांव कपरफोड़ा, थाना कुरूसाकाटा, जिला अररिया, बिहार व हाल निवासी सरस्वती विहार, मलाना रोड, सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है।