ब्यूरो/अमर उजाला
रायवाला/ऋषिकेश।
आदर्शनगर निवासी एक महिला परिवार सहित मंगलवार को रायवाला थाने के सामने पुलिस के खिलाफ धरने पर बैठ गई। महिला का आरोप है कि पुलिस ने बेटे को एनडीपीएस एक्ट के झूठे मुकदमे में फंसाया है। महिला ने शीघ्र मुकदमा वापस नहीं लेने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
मंगलवार को रायवाला थाने के समक्ष आदर्शनगर निवासी कमलेश जैन अपने बेटे और बेटी के साथ धरने पर बैठ गई। महिला ने बताया कि पुलिस निर्दोष ने उसके बेटे को झूठे मुकदमे में फंसा दिया। फरवरी में रायवाला थाने के पुलिसकर्मी परशुराम चौक, ऋषिकेश से उसके बेटे को उठा ले गए थे। रास्ते में पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की और थाने ले जाकर उस पर 150 ग्राम चरस मिलने का झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया। महिला ने चेतावनी दी कि पुलिस ने उसके निर्दोष बेटे पर दर्ज मुकदमे को शीघ्र वापस नहीं लिया तो वह आत्मदाह कर लेगी।
वहीं धरना स्थल पर शैलेश जैन, अनीता भारद्वाज, संदीप सती, शशि गौनियाल, एकांत गोयल, शालिनी जैन, मदन कुमार, प्रतीक पाल, प्रभात कुमार, दिनेश कोठारी, राजेंद्र सजवाण, कोमल सिंह, आशीष पंत, प्रदीप अग्रवाल, दिनेश शर्मा, शैलेंद्र कोठारी, अभिषेक आदि समर्थन देने पहुंचे।