उत्तराखंड में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष सभी को कोविड वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह एलान किया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह इसी लगन के साथ निर्धारित समय पर वैक्सीन की दूसरी डोज भी लगवाएं।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उत्तराखंड की 100 फीसदी आबादी को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगने पर बधाई दी है।
तीन माह पहले ही हासिल कर लिया लक्ष्य
रविवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मीडिया से मुखाबित हुए। सीएम धामी ने बताया कि उन्होंने दिसंबर माह तक सभी को वैक्सीन देने का लक्ष्य रखा था, लेकिन यह खुशी की बात है कि यह लक्ष्य तीन माह पहले ही हासिल कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 74 लाख लोगों को कोरोना की पहली डोज लग चुकी है। वहीं, 34 लाख 68 हजार लोगों दूसरी डोज लगी है। राज्य सरकार ने 77.27 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा था। बताया कि उत्तराखंड, में केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान चल रहा है।
उत्तराखंड में कोरोना: रविवार को मिले नौ नए संक्रमित, 178 हुई सक्रिय मरीजों की संख्या
सबसे पहले हेल्थ केयर वर्कर्स का टीकाकरण किया गया। इसके बाद फ्रंट लाइन वर्कर्स, फिर 60 से अधिक आयु वर्ग, फिर 45 से 59 आयु वर्ग में टीकाकरण किया गया। इसके बाद 18 से 44 आयु वर्ग में टीकाकरण शुरू किया गया।
प्रदेश में 16 अक्तूबर तक कुल 99.6 प्रतिशत हेल्थ केयर वर्कर्स, 99.2 प्रतिशतफ्रंट लाइन वर्कर्स और 18 वर्ष से अधिक आयु के 96.1 प्रतिशत लाभार्थियों को कोविड-19 वैक्सीनेशन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य में सभी इच्छुक लाभार्थियों को पहली डोज दी जा चुकी है। इस मौके पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, अपर सचिव सोनिका, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा भी मौजूद रहे।
प्रधान, वार्ड मेंबर से लिया गया प्रमाण पत्र
कोविड वैक्सीनेशन को लेकर सरकार ने सभी गांवों के ग्राम प्रधान, वार्ड मेंबर से सभी को टीकाकरण होने का प्रमाण पत्र लिया है। राज्य में दूसरी डोज, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांग एवं मानसिक रोग से ग्रसित एवं अन्य लाभार्थियों का टीकाकरण चलता रहेगा।