प्रदेश में बुधवार को 99 हजार से ज्यादा लोगों ने कोविड वैक्सीन लगवाई। वहीं, केंद्र सरकार से एक लाख से अधिक टीके राज्य को मिले हैं। केंद्र से नियमित रूप से टीके उपलब्ध होने से राज्य में टीकाकरण कार्यों में तेजी आई है।
राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. कुलदीप मर्तोलिया ने बताया कि बुधवार को प्रदेश में 701 केंद्रों पर 99348 लोगों को वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगाई गई। इसमें 18 से अधिक आयु वर्ग में 98173 लोग, 217 स्वास्थ्य कर्मियों और 958 फ्रंट लाइन वर्करों को टीके लगाए गए।
उन्होंने बताया कि केंद्र से 72 हजार कोविशील्ड और 30 हजार कोवाक्सिन टीके मिले हैं। नियमित रूप से वैक्सीन उपलब्ध होने से राज्य में तेजी से टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। अब तक 68.50 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।